राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar), प्रह्लाद सिंह पटेल (Prahlad Singh Patel) और रेणुका सिंह सरुता (Renuka Singh Saruta) का इस्तीफा गुरुवार को स्वीकार कर लिया। इन मंत्रियों ने हाल में हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है। राष्ट्रपति ने जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) को कृषि मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया। अर्जुन मुंडा तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मई 2019 में उन्हें जनजातीय मामलों का केंद्रीय मंत्री नियुक्त किया गया था। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह के अनुसार केंद्रीय मंत्रिपरिषद से उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए।