RBI Monetary Policy: आज लगातार चौथी बार केंद्रीय बैंक RBI ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। इससे पहले आखिरी बार फरवरी 2023 में इसमें बदलाव किया गया था और तब से यह 6.50 फीसदी पर बरकरार है। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास (Shaktikanta Das) के इस फैसले से होम लोन की ईएमआई पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। मार्केट को भी ऐसा ही अनुमान था कि आरबीआई इस बार भी दरों को बरकरार रखेगा। महंगाई को लेकर आरबीआई गवर्नर ने कहा कि इस पर फोकस बना हुआ है। उन्होंने कहा कि घरेलू और ग्लोबल स्तर पर महंगाई की चिंता अभी भी बनी हुई है। इस वित्त वर्ष 2024 के अंत तक इसके तय टारगेट 4 फीसदी के पार रहने का अनुमान है। जीडीपी को लेकर MPC (मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी) का अनुमान है कि इस वित्त वर्ष यह 6.5 फीसदी की दर से बढ़ेगी।
