NCERT Books: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 3 और 6 की किताबों में बदलाव का ऐलान किया था। अब इन कक्षाओं में नई किताबें पढ़ाई जाएंगी। इसके लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (National Council of Educational Research and Training -NCERT) ने सेशन 2024-25 में छठी क्लास में आने वाले बच्चों के लिए ब्रिज कोर्स तैयार कर लिया है। नए सिलेबस के तहत कक्षा 3 और 6 के लिए किताबें अप्रैल और मई महीने में मिलने लगेंगी। परिषद ने कहा है कि कक्षा 3, 4, 5, 9 और 11 की किताबें इस महीने तक बाजार में मिलने लगेंगी। जबकि कक्षा 6 की किताबें मई महीने से मिलने लगेंगी।
बता दें कि अप्रैल की पहली तारीख से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। जो बच्चे दूसरी कक्षा में थे वे तीसरी में जा चुके हैं और जो पांचवीं में थे, वो छठी में पहुंच गए हैं। तीसरी और छठी कक्षा के बच्चों को नई किताबें नहीं मिल पा रही हैं। इससे अभिभावक काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
एनसीईआरटी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि नए सिलेबस के तहत कक्षा 3 की किताबें अप्रैल महीने से मिलने लगेंगी। वहीं कक्षा 6 की किताबें मई महीने में मिलेंगी। परिषद ने अभिभावकों और छात्रों से धैर्य रखने और परेशान न होने की अपील की है। NCERT ने यह भी बताया कि वो CBSE स्कूल की किताबें समय पर मुहैया कराने की कोशिश में जुटा हुआ है। कक्षा 1, 2, 7, 8, 10 और 12 की करीब 33 लाख से ज्यादा किताबें अब तक छापकर NCERT Book Shops तक पहुंचा दी गई हैं। वहीं, कक्षा 3, 4, 5, 9 और 11 की किताबें इस महीने के आखिरी तक बाजार में मिलने लगेंगी। जबकि कक्षा 6 की किताबें मई महीने में मिलेंगी।
कक्षा 6 में शुरू होगा ब्रिज कोर्स
CBSE ने जारी अपने आधिकारिक नोटिफिकेशन में कहा कि एनसीईआरटी की ओर से कक्षा 6 के लिए एक ब्रिज कोर्स और कक्षा 3 के लिए संक्षिप्त दिशानिर्देश भी बनाए गए हैं। कहा जा रहा है कि कक्षा 5 में स्टूडेंट्स पुराने सिलेबस से पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में 6वी में आने वाले बच्चों को नई शिक्षा नीति 2020 के जरिए सभी पहलुओं से रूबरू करवाने के लिए ब्रिज कोर्स तैयार किया गया है। छात्रों और अभिभावकों समझाने के लिए ब्रिज कोर्स करना बेहद जरूरी है। नई शिक्षा नीति और एनसीएफ का मकसद छात्रों के लिए शिक्षा व्यवस्था आसान कर उनके स्ट्रेस को कम करना है।