Himachal Pradesh Weather Today: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति के बाद लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। घरों, सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से पहाड़ी लोगों के लिए बारिश मुसीबत बनकर आई है। इस बीच, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आज यानी सोमवार से और भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। शिमला में मौसम कार्यालय ने आज भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' और 22 से 24 अगस्त तक मूसलाधार बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल मानसून में बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम 330 लोगों की जान चली गई है। पिछले सप्ताह राज्य में कम से कम 25 भूस्खलन और एक बादल फटने की घटना हुई थी।
