Indian Railway: भारतीय रेलवे एशिया में सबसे बड़ा नेटवर्क है। इसके साथ यह दुनिया में चौथे नंबर पर है। बड़ा रेल नेटवर्क होने के साथ ही यह कई आश्चर्यों से भरा पड़ा हुआ है। आज हम आपको भारतीय रेलवे के ऐसे अनोखे स्टेशन के बारे में बताने जा रहे हैं। जहां प्लेटफॉर्म नंबर एक से प्लेटफॉर्म नंबर दो की दूरी दो किलोमीटर दूर है। पूरे भारत में यह अनोखा स्टेशन है। जहां प्लेटफॉर्म के बीच इतनी दूरी है। आइए आपको बताते हैं कि आखिर कहां है यह अनोखा रेलवे स्टेशन और किस वजह से है प्लेटफॉर्म के बीच इतनी दूरी है?
भारतीय रेलवे का यह अनोखा रेलवे स्टेशन बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी कस्बे में है। यह गंगा नदी के किनारे बसा हुआ शहर है। अनोखे रेलवे स्टेशन के अलावा यह औद्योगिक कस्बे के रूप में भी अपनी खास पहचान बनाए हुए है। इस कस्बे को तेल शोधनगर और थर्मल पावर प्लांट के लिए जाना जाता है।
अजीब है बरौनी जंक्शन की कहानी
बरौनी जंक्शन 1883 में बनकर तैयार हुआ था। उस समय इस रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की संख्या एक से शुरू होती थी। इस जंक्शन से कई ट्रेनें निकलती थीं। लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर वन पर सिर्फ मालगाड़ी खड़ी हुआ करती थी। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने शिकायत की और सुनवाई के बाद एक और बरौनी स्टेशन बनाने का फैसला किया गया। लोगों की शिकायत के बाद बरौनी जंक्शन से 2 किलोमीटर दूर जाकर दूसरा बरौनी रेलवे स्टेशन बनाया गया। दूसरे स्टेशन पर भी प्लेटफॉर्म की संख्या एक ही रखी गई। जिसकी वजह से एक ही जगह पर दो किलोमीटर की दूरी पर दो स्टेशन एक नाम वाले बन गए।
प्लेटफॉर्म का नंबर 2 से शुरू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब नया बरौनी रेलवे स्टेशन बन कर तैयार हो गया। तब पुराने बरौनी रेलवे स्टेशन पर एक नंबर प्लेटफॉर्म को हटा दिया गया था। तब से पुराने बरौनी रेलवे स्टेशन पर 2 नंबर से ही प्लेटफॉर्म की संख्या शुरू होती है। देखा जाए तो यह बहुत ही अनोखा रेलवे स्टेशन है।
यात्रियों को होती है परेशानी
दो रेलवे स्टेशन और वो भी इतनी ज्यादा दूरी पर रेल यात्रियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए 2 किमी का सफर तय करना पड़ता है।