राज्य में लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए मणिपुर की राजधानी इंफाल में शनिवार को कर्फ्यू घोषित कर दिया गया है। यह कर्फ्यू उन तीन शवों की बरामदगी के बाद लगाया गया है, जिनके बारे में शक है कि वे सोमवार को मणिपुर के जिरीबाम से लापता हुए छह लोगों में से थे। ये शव जिले में जिरी नदी में तैरते पाए गए थे। गृह मंत्रालय ने भी सुरक्षा बलों को शांति बहाल करने का निर्देश दिया और लोगों से उनका सहयोग करने का आग्रह किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि मणिपुर में तैनात सभी सुरक्षा बलों को राज्य में शांति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा परिदृश्य ‘‘नाजुक’’ बना हुआ है।
