पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर एक निजी समारोह में डॉक्टर गुरप्रीत कौर के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। केवल परिवार के सदस्यों और कुछ करीबियों की मौजूदगी में हुई इस शादी से बैंड, बाजा और बारात सभी नदारद थे। टेलीविजन और ट्विटर पर सामने आई तस्वीरों में भगवंत मान और उनकी दुल्हन कौर को आनंद कारज (सिख विवाह) की रस्म पूरी करते देखा जा सकता है।
आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा ने मान की शादी की तस्वीरें ट्विटर पर साझा कीं, जिसमें दुल्हन लाल जोड़े में और मान पीले रंग की पगड़ी पहने नजर आ रहे हैं। 48 वर्षीय मान पंजाब के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो इस पद पर रहते हुए शादी के बंधन में बंधे हैं।
भगवंत मान की शादी का मेन्यू कार्ड
आमतौर पर भारतीय शादियों में भोजन के बारे में सबसे ज्यादा चर्चा होती है। भारतीय शादियों को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के बिना अधूरा माना जाता है। ज्यादातर शादियां समारोह के दौरान परोसे जाने वाले विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के लिए जानी जाती हैं। भगवंत मान की शादी भी कुछ ऐसी ही थी। मेहमानों को मान और गुरप्रीत की शादी में भारतीय और इटैलियन दोनों तरह के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।
उनकी शादी में परोसे जाने वाले आइटम्स की लंबी लिस्ट में भारतीय और इटैलियन व्यंजनों के कुछ बेहतरीन आइटम शामिल थे। समाचार एजेंसी एएनआई की खबर के मुताबिक के अनुसार, मेहमानों को कड़ाही पनीर, तंदूरी कुलचे, दाल मखनी, नवरतन बिरयानी, मौसमी सब्जियन, खुबानी भरवां कोफ्ता, लसानिया सिसिलियानो और बुरानी रायता सहित कई अन्य भारतीय और इटालियन व्यंजनों का स्वाद चखने को मिला। मान की शादी में विभिन्न प्रकार के सलाद और स्वादिष्ट मिठाइयां तैयार की गई थीं।
मेनू में लगभग 6 प्रकार के सलाद शामिल थे। इसके अलावा कड़ाही पनीर, सब्जी झालफ्रेजी, चना मसाला, तंदूरी कुलचे, दाल मखनी और नवरतन बिरयानी जैसे आइट्मस शामिल थे। इसके अलावा मेनू में स्वादिष्ट मिठाइयों की एक लंबी लिस्ट थी। वहीं, इसमें मूंग दाल का हलवा, शाही टुकड़ा, सूखे मेवे, अंगूरी रसमलाई, ड्राई फ्रूट रबड़ी और कई अन्य आइटम्स शामिल थे। खाने के बाद मीठा ना हो ऐसे कैसे हो सकता है, इसलिए मुख्यमंत्री की शादी में मीठे का भी खास प्रबंध किया गया था।
कौन हैं डॉ. गुरप्रीत कौर?
भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर (30) हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पेहोवा की रहने वाली हैं। मान की यह दूसरी शादी है। वह अपनी पहली पत्नी से 2015 में अलग हो गए थे। पहली शादी से मान के दो बच्चे सीरत कौर (21) और दिलशान (17) हैं। पार्टी के अनुसार, मान की मां और बहन सहित परिवार के सदस्य तथा कुछ ही मेहमान विवाह में शामिल हुए। यह विवाह सिख रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ।
दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ समारोह में पहुंचे थे। गुरप्रीत कौर ने 2018 में हरियाणा के एक निजी विश्वविद्यालय से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी। उनकी दो बड़ी बहनें हैं, जो विदेश में रहती हैं।