लोकसभा सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस (Congress) की ‘भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra)’ शुक्रवार को कश्मीर घाटी का प्रवेश द्वार कहलाने वाले जम्मू-कश्मीर के बनिहाल (Banihal) में काजीगुंड (Qazigund) के पास अस्थाई रूप से रोक दी गई। यात्रा को रोकने से पहले कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन पर सुरक्षा में सेंध और भीड़ के कुप्रबंधन का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि काजीगुंड पहुंचने के बाद राहुल गांधी तय कार्यक्रम के तहत दक्षिण कश्मीर में वेस्सु की तरफ पदयात्रा करने लगे। लेकिन तभी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अचानक पाया कि यात्रा का बाहरी सुरक्षा घेरा गायब हो चुका है, जिसका प्रबंधन जम्मू-कश्मीर पुलिस संभाल रही थी।
