कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने उसके मुख्यालय पर हमला बोला। कांग्रेस का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उसके कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी कहा कि पुलिस के इस व्यवहार और जनता के हक में उठने वाली राहुल गांधी की आवाज को दबाए जाने के खिलाफ कांग्रेस गुरुवार को सभी राजभवनों का घेराव करेगी।
हालांकि, दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कांग्रेस के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी कांग्रेस मुख्यालय के अंदर दाखिल नहीं हुए और न ही उन्होंने बल प्रयोग किया। बता दें कि नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से लगातार तीन दिनों तक करीब 30 घंटे पूछताछ की जा चुकी है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आज इस मामले पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मिलने वाला है।
दिल्ली पुलिस पर कांग्रेस दफ्तर जबरन घूसने का आरोप
सुरजेवाला ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि बीजेपी और मोदी सरकार की पिट्ठू दिल्ली पुलिस गुंडागर्दी की हर सीमा पार गई। बीजेपी के इशारे पर पुलिस दरवाजे तोड़कर कांग्रेस मुख्यालय में घुसी और नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पीटा। अब लगता है कि प्रजांतत्र की हत्या हो चुकी है, संविधान को बुलडोजर के नीचे रौंद दिया गया है, केवल अत्याचार का शासन बचा है।
उन्होंने कहा कि हमारे सब्र का इम्तहान नहीं लें। किस हैसियत से पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला बोला? वे कैसे कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर नेताओं और कार्यकर्ताओं को पीट सकते हैं? इसका जवाब दिल्ली पुलिस और मोदी सरकार को देना पड़ेगा... इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारी जान लें कि एक-एक अधिकारी का हिसाब होगा।
दिल्ली पुलिस के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
सुरजेवाला ने कहा कि हमारी मांग है कि पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए, उन्हें निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ विभागीय जांच हो। उन्होंने कहा कि आज गुरुवार को पूरे देश में कांग्रेस के लोग राजभवनों का घेराव करेंगे, क्योंकि मोदी सरकार के इशारे पर यह सब हो रहा है। उन्होंने कहा कि 17 जून को हर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा।
कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ लगाए आरोप के पक्ष में एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें कुछ पुलिसकर्मी एवं अन्य सुरक्षाकर्मी कांग्रेस मुख्यालय के अंदर जाते दिख रहे हैं। राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।
राहुल गांधी को ED ने फिर किया तलब
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से लगातार तीसरे दिन बुधवार को करीब 8 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनसे ‘एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड’ (AJL) और इसका स्वामित्व रखने वाली कंपनी ‘यंग इंडियन’ से जुड़े निर्णयों में उनकी निजी भूमिका के बारे में सवाल-जवाब किए।
राहुल गांधी रात करीब साढ़े 9 बजे एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित ED मुख्यालय से बाहर निकले। बुधवार को लगातार तीसरे दिन पूछताछ के बाद ईडी अब तक राहुल गांधी से कई सत्रों में करीब 30 घंटे पूछताछ कर चुकी है। वहीं, ईडी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को शुक्रवार को चौथी बार पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि कांग्रेस सांसद ने गुरुवार के लिए छूट मांगी जिसकी अनुमति दे दी गई।