Delhi Shopping Festival: दिल्ली में अगले साल मनाया जाएगा सबसे बड़ा 'शॉपिंग फेस्टिवल', सीएम केजरीवाल ने किया ऐलान, जानें बड़ी बातें

CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह भारत में सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल होगा। हम इसे अभी शुरू कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि कुछ सालों में हम इसे दुनिया का सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल बना देंगे

अपडेटेड Jul 06, 2022 पर 1:11 PM
Story continues below Advertisement
CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 'दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल' रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगा

Delhi Shopping Festival: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने ऐलान किया है राष्ट्रीय राजधानी में अगले साल 30 दिवसीय सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। केजरीवाल ने बताया कि 28 जनवरी से 26 फरवरी 2023 तक 30 दिन के लिए दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री का दावा है कि यह भारत का सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल होगा।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि यह भारत में सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल होगा। हम इसे अभी शुरू कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि कुछ सालों में हम इसे दुनिया का सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल बना देंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि शॉपिंग फेस्टिवल शहर की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगा और स्थानीय व्यापारियों, व्यापारियों एवं विक्रेताओं की मदद करेगा।

ये भी पढ़ें- CBSE 10th Results 2022: सीबीएसई 10वीं के नजीते को लेकर सामने आया नया अपडेट, यहां जानें रिजल्ट से संबंधित सभी डिटेल


मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा, "अगले साल दिल्ली में 28 जनवरी से 26 फरवरी तक दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल मनाया जाएगा। यह देश का सबसे बड़ा फेस्टिवल होगा। हम इसे दुनिया का सबसे बड़ा फेस्टिवल बनाएंगे। पूरी दुनिया से लोगों को आमंत्रित करेंगे, जिससे वे दिल्ली और उसकी संस्कृति का अनुभव कर सकें।"

उन्होंने आगे कहा, "इस दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल में सबके लिए कुछ न कुछ जरूर होगा। इसमें लोग अभूतपूर्व अनुभव करेंगे। इसमें कई सारी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। देश भर से कई आर्टिस्ट को आमंत्रित किया जाएगा और इस एक महीने में 200 कंसर्ट किए जाएंगे।"

सीएम ने कहा कि इसके लिए लोगों को दिल्ली लाने के लिए हम होटल्स, ट्रैवल एजेंट और एयरलाइंस के साथ बात कर रहे हैं जिससे राजधानी आने वाले लोगों को विशेष पैकेज दिए जा सके। इसके जरिए ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें हिस्सा ले सकेंगें। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

केजरीवाल ने कहा कि यह फेस्टिवल खरीदारी का एक अनूठा अनुभव होगा। भारी छूट की पेशकश की जाएगी। इस दौरान पूरी दिल्ली को सजाया जाएगा। प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाएगा। सीएम ने कहा कि 'दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल' रोजगार के बड़े अवसर पैदा करेगा। उन्होंने देश भर के नागरिकों से फेस्टिवल के लिए टिकट बुक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे हजारों नौकरियां पैदा होंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।