'गोवा में ईसाई आबादी घटी, मुस्लिमों की संख्या तेजी से बढ़ रही': राज्यपाल के दावे पर विवाद

Goa News: गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने कहा कि गोवा में ईसाई आबादी 36 फीसदी से घटकर 25% हो गई है। जबकि मुस्लिम आबादी 3% से बेतहाशा बढ़कर 12% हो गई है। उन्होंने कहा कि गोवा में ईसाई आबादी पहले के मुकाबले काफी कम हो गई है

अपडेटेड Sep 10, 2024 पर 1:59 PM
Story continues below Advertisement
Goa News: गोवा के राज्यपाल श्रीधरन पिल्लई ने कहा कि राज्य में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ रही है

Goa Population News Row: गोवा के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई ने राज्य में बदलती धार्मिक जनसांख्यिकी के बारे में अपनी एक टिप्पणी से विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल राज्यपाल श्रीधरन पिल्लई ने दावा किया है कि गोवा में ईसाई आबादी काफी कम हो गई है। जबकि मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ गई है। पिल्लई ने रविवार को एक गिरजाघर में एक कार्यक्रम में कहा कि गोवा में ईसाई आबादी पहले के 36 प्रतिशत से घटकर 25 प्रतिशत रह गई है। जबकि मुस्लिम आबादी 3 फीसदी से बेतहाशा बढ़कर 12 प्रतिशत हो गई है।

पीटीआई के मुताबिक उन्होंने कहा, "मैंने एक वरिष्ठ पादरी से बात की। मैंने उन्हें बताया कि कैथोलिक समुदाय के सदस्यों का प्रतिशत घटकर 25 प्रतिशत हो गया है। जबकि इस्लामी समुदाय के सदस्यों का प्रतिशत पहले के तीन प्रतिशत से बढ़कर 12 प्रतिशत हो गया है।" पिल्लई ने यह भी कहा कि उन्होंने समुदाय के सदस्यों से इस संबंध में 'सकारात्मक अध्ययन करने' के लिए कहा था।

बाद में एक अन्य कार्यक्रम में पिल्लई ने स्पष्ट किया कि उनका मतलब 'प्रतिभा पलायन' से था। पिल्लई ने कहा, "मैंने देखा है कि कुछ मीडिया प्रतिष्ठान मेरे बयान पर विवाद पैदा कर रहे हैं। मैं जनसांख्यिकी या किसी विशेष समुदाय के बारे में बात नहीं कर रहा था।" उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गोवा में कैथोलिक सदस्यों की संख्या में कमी आई है।


ये भी पढ़ें- Delhi Crisis: क्या दिल्ली में लगेगा राष्ट्रपति शासन? BJP की मांग पर राष्ट्रपति ने गृह मंत्रालय को दिया यह निर्देश

पिल्लई ने बाद में एक अन्य कार्यक्रम में स्पष्ट किया, "जब पादरियों सहित समुदाय के नेताओं ने मुझसे मुलाकात की, तो मैंने उसी के संबंध में कुछ न्यूज आर्टिकल का हवाला दिया। मैंने उनसे इसका अध्ययन करने के लिए कहा। मुझे लगता है कि यह मुख्य रूप से प्रतिभा पलायन के कारण है।"

राज्यपाल के इस बयान से गोवा में सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस की तरफ से ऐसे बयान देने को लेकर राज्यपाल पर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि अभी तक गोवा सरकार या बीजेपी की तरफ से आबादी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।