Get App

केरल को 'मिनी पाकिस्तान' बताकर फंसे महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे, विपक्ष के साथ अपनों ने भी उठाए सवाल

Kerala is a mini Pakistan: महाराष्ट्र के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता नितेश राणे ने पिछले रविवार को पुणे जिले की पुरंदर तहसील में एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था, "केरल 'मिनी पाकिस्तान' है। आतंकवादियों ने (पहले) राहुल गांधी को वोट दिया और अब उनकी बहन प्रियंका गांधी को वोट दिया है"

Akhileshअपडेटेड Dec 31, 2024 पर 6:21 PM
केरल को 'मिनी पाकिस्तान' बताकर फंसे महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे, विपक्ष के साथ अपनों ने भी उठाए सवाल
Maharashtra Politics: कांग्रेस ने नितेश राणे के बयान की कड़ी निंदा करते हुए पीएम मोदी से जवाब मांगा है

Maharashtra Politics News: केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे द्वारा केरल को 'मिनी पाकिस्तान' कहे जाने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने मंगलवार (31 दिसंबर) को कहा कि उनकी टिप्पणी अत्यधिक भड़काऊ और निंदनीय है। राणे ने हाल ही में एक रैली के दौरान केरल को 'मिनी पाकिस्तान' करार दिया था। केरल के वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की चुनावी जीत का जिक्र करते हुए दावा किया था कि 'सभी आतंकवादी गांधी परिवार को वोट देते हैं।' नितेश राणे के बयान पर केरल के बीजेपी नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं।

विजयन ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र के मंत्री की टिप्पणी से केरल के प्रति संघ परिवार का मूल दृष्टिकोण उजागर हो गया है। उन्होंने कहा कि संघ परिवार का मानना ​​है कि वे ऐसे किसी स्थान को नफरत फैलाने वाले अभियान चलाकर अलग-थलग कर सकते हैं, जिस पर उनका प्रभाव पड़ना कठिन है और ये बयान उसी का हिस्सा है।

सीएम ने कहा कि नफरती बयान देने वाले मंत्री अपने पद पर बने रहने के हकदार नहीं हैं। उन्होंने कहा, "आश्चर्य की बात है कि देश की सत्तारूढ़ पार्टी के नेतृत्व ने मंत्री के कृत्य पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, जो देश के संविधान का अपमान करने के बराबर है।"

बाद में मुख्यमंत्री विजयन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में महाराष्ट्र के मंत्री की टिप्पणी को 'अत्यंत निंदनीय' बताया। विजयन ने कहा, "हम केरल पर इस घृणित हमले की कड़ी निंदा करते हैं और सभी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष ताकतों से संघ परिवार के घृणित दुष्प्रचार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान करते हैं।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें