Get App

Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र सरकार ने महिलाओं को दी ₹21,000 करोड़, लाडकी बहिन योजना के तहत दिए गए पैसे

Ladki Bahin Yojana: साल 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई 'लाडकी बहिन योजना' के तहत आर्थिक रूप से वंचित वर्गों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये का मासिक भत्ता दिया जाता है। महाराष्ट्र में इस कार्यक्रम के 2.43 करोड़ से अधिक लाभार्थी हैं। इससे राज्य के खजाने पर हर महीने लगभग 3,700 करोड़ रुपये का बोझ पड़ता है

MoneyControl Newsअपडेटेड Jan 26, 2025 पर 10:35 PM
Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र सरकार ने महिलाओं को दी ₹21,000 करोड़, लाडकी बहिन योजना के तहत दिए गए पैसे
Ladki Bahin Yojana: महाराष्ट्र सरकार की लाडकी बहिन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये दिए जाते हैं

Mukhyamantri Ladki Bahin Yojana Scheme: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रविवार (26 जनवरी) को कहा कि सरकार की 'लाडकी बहिन योजना' के तहत राज्य की 2.46 करोड़ महिलाओं को कुल 21,000 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है। मुंबई के शिवाजी पार्क में गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आकर्षित करने में देश में पहले स्थान पर है।

राज्यपाल ने कहा, "मैं सभी से एक नया और मजबूत महाराष्ट्र बनाने का संकल्प लेने की अपील करता हूं। हम सभी को एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के अपने सपने को साकार करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।" बता दें कि लाडकी बहिन योजना ने पिछले साल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली 'महायुति' की विधानसभा चुनावों में जीत में प्रमुख भूमिका निभाई थी।

राज्यपाल ने कहा कि इस योजना के तहत जुलाई से दिसंबर 2024 तक लगभग 2.46 करोड़ महिलाओं को लगभग 21,000 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है। साल 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई लाडकी बहिन योजना के तहत आर्थिक रूप से वंचित वर्गों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये का मासिक भत्ता दिया जाता है।

महाराष्ट्र में इस चर्चित स्कीम के 2.43 करोड़ से अधिक लाभार्थी हैं। इससे राज्य के खजाने पर हर महीने लगभग 3,700 करोड़ रुपये का बोझ पड़ता है। इस बीच, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने आश्वासन दिया है कि 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना (Mukhya Mantri Majhi Ladki Bahin Yojana)' के तहत वितरित धनराशि की कोई वसूली नहीं की जाएगी।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें