Maharashtra Political Crisis: 'शिवाजी महाराज हार गए, लेकिन लोग हमेशा उनके साथ थे', उद्धव ने शिवसेना कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

Maharashtra Political Crisis: उद्धव ने कहा कि उन्हें एकनाथ शिंदे के विद्रोही खेमे में शामिल होने वालों से कोई शिकायत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं उन लोगों के बारे में बुरा क्यों सोचूं, जो चले गए?

अपडेटेड Jun 24, 2022 पर 5:00 PM
Story continues below Advertisement
उद्धव ने शिवसेना कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने शुक्रवार को शिवसेना (Shiv Sena) के कार्यकर्ताओं से एक और भावनात्मक अपील की है। उन्होंने राज्य में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच पार्टी के जिला प्रमुखों और तालुका प्रमुखों को संबोधित किया। उद्धव ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास 'वर्षा बंगला' छोड़ दिया है, लेकिन ये लड़ाई नहीं छोड़ी है।

उद्धव ने कहा कि उन्हें एकनाथ शिंदे के विद्रोही खेमे में शामिल होने वालों से कोई शिकायत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं उन लोगों के बारे में बुरा क्यों सोचूं, जो चले गए?" शुक्रवार के संबोधन में, उद्धव ने दोहराया कि अगर शिवसैनिक चाहते हैं कि वह ऐसा करें, तो वह पद छोड़ने के लिए तैयार हैं।

ANI ने सूत्रों हवाले से बताया कि बैठक में महाराष्ट्र CM ने कहा, "मैं सत्ता का लालची नहीं हूं। जो लोग कहते थे- हम मर जाएंगे, लेकिन शिवसेना को कभी नहीं छोड़ेंगे, आज भाग गए। बागी विधायक शिवसेना को तोड़ना चाहते हैं अगर उनमें हिम्मत है, तो उन्हें बालासाहेब और शिवसेना का नाम लिए बिना लोगों के बीच जाना चाहिए।"


बैठक में ठाकरे ने आगे कहा, "मेरी गर्दन और सिर में दर्द था। मैं ठीक से काम नहीं कर पा रहा था। मैं अपनी आंखें नहीं खोल पा रहा था, लेकिन मुझे इसकी परवाह नहीं थी। शिवाजी महाराज हार गए, लेकिन लोग हमेशा उनके साथ रहे थे।"

उद्धव ने आगे कहा, "एकनाथ शिंदे के बेटे शिवसेना के सांसद हैं। मैंने उनके लिए सब कुछ किया। मेरे पास जो विभाग था, वह शिंदे को दिया गया था, लेकिन वह मुझ पर कई आरोप लगा रहे हैं। मैंने एकनाथ शिंदे के लिए सब कुछ किया।"

Maharashtra Political Crisis: नई सरकार या फिर चुनाव? किस करवट बैठेगा महाराष्ट्र के सियासी संकट का ये ऊंट

इस हफ्ते की शुरुआत में संकट शुरू होने के बाद से उद्धव का यह दूसरा संबोधन है। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए अपना संबोधन दिया था। तब उन्होंने कहा था कि अगर उनकी पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें अक्षम मानते हैं, तो मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की उनकी कोई इच्छा नहीं है। वह अब अपने परिवार के साथ अपने पारिवारिक निवास मातोश्री लौट आए हैं।

पार्टी के एक और विधायक दिलीप लांडे के खेमे में शामिल होने से एकनाथ शिंदे के बागी खेमे को मजबूती मिली है। लांडे के नुकसान को एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह मुंबई में चांदीवली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

उद्धव ठाकरे को अब तक गठबंधन सहयोगी शिवसेना और NCP का समर्थन बरकरार है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने दावा किया कि NCP प्रमुख शरद पवार को एक केंद्रीय मंत्री ने धमकी दी थी। हालांकि, बीजेपी ने इससे इनकार किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।