Meghalaya Assembly Election 2023: मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी को वोटिंग होगी। इसके चलते 25 फरवरी को प्रचार का शोर थम गया। मेघालय विधानसभा की 59 सीटों के लिए वोटिंग होगी। वहीं, नागालैंड में 16 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर वोटिंग होगी। चुनाव के नतीजे 2 मार्च को घोषित किए जाएंगे। राज्य में नेशनल पीपुल्स पार्टी (National People’s Party –NPP) भारतीय जनता पार्टी (BJP) कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच मुकाबला है। हालांकि एनपीपी और बीजेपी एक साथ सरकार में थे, लेकिन वे अकेले चुनाव लड़ रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफ आर खारकोंगोर ने कहा कि आयोग ने 27 फरवरी को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने की तैयारी कर ली है। कुल 369 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत दांव पर है। उन्होंने बताया कि कुल 3,419 मतदान केंद्रों पर मतदाता वोट डालेंगे। जिनमें से 640 को संवेदनशील, 323 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और 84 मतदान केंद्रों को अति जोखिम वाले केंद्र के तौर पर पहचान की गई है।
साल 2018 के विधान सभा चुनाव में सत्ताधारी NPP ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 21 सीटों पर जीती थी। वहीं BJP को 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी को 6 सीटें मिली थी। BJP और NPP ने मिलकर सरकारी बनाई। इस बार BJP और कांग्रेस सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं NPP 57 और TMC 56 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि UDP 46 सीटों पर अपनी किस्मत अजमा रही है।
NPP ने BJP के साथ पिछले पांच सालों तक मेघालय पर शासन किया है, लेकिन सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रही है। BJP समेत तमाम पार्टियां एनपीपी पर राजनीतिक निशाना साध रही हैं।
मेघालय विधान सभा चुनाव की पिच पर TMC नई राजनीतिक खिलाड़ी है। 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी का मेघालय में नामो निशान नहीं था। लेकिन मुकुल संगमा (Mukul Sangma) ने पार्टी को रातों-रात एक बड़ी विपक्षी पार्टी बना दिया। मुकुल संगमा 2021 में कांग्रेस के 12 विधायक तोड़कर टीएमसी में शामिल हुए थे। मेघालय में मुकुल संगमा का सीधा मुकाबला अभी के सीएम सीएम कोनराड संगमा के साथ देखा जा रहा है। मुकुल संगमा सांगसाग और टिकरीकिल्ला विधानसभा सीट से मैदान में हैं।
भारतीय जनता पार्टी विधान सभा चुनाव में अकेले मैदान में लड़ रही है। पार्टी का लक्ष्य है कि पिछली बार के मुकाबले अपनी सीटें बढ़ाना है। पिछली बार पार्टी को सिर्फ 2 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
मेघालय में ज्यादातर कांग्रेस के विधायक अपनी पार्टी छोड़ चुके हैं। इस बार पार्टी राज्य में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
वहीं, नागालैंड में भी सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 16 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में से 59 सीटों पर वोटिंग होगी। राज्य में कुल 183 उम्मीदवार अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। इसमें 4 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।