Parliament Clash: संसद के मकर द्वार पर वो 30 मिनट, जब हुई धक्का मुक्की, उस दौरान असल में क्या हुआ?
Parliament Scuffle: पार्टी ने आरोप लगाया कि सालों से कांग्रेस ने भीम राव आंबेडकर का अपमान किया, जिसे लेकर बीजेपी ने संसद के गेट पर विरोध प्रदर्शन करना का फैसला किया। इसी कड़ी में बीजेपी सांसद सुबह 10 बजे से मकर द्वार पर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। सुबह 10.35 बजे तक बीजेपी सांसद हाथों में तख्तियां लेकर मीडिया से बात कर रहे थे
Parliament Clash: संसद के मकर द्वार पर वो 30 मिनट, जब हुई धक्का मुक्की, उस दौरान असल में क्या हुआ?
इस संसद सत्र में यह पहली बार था कि BJP ने गुरुवार सुबह 10 बजे मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया। सुबह 10.15 बजे तक 100 से अधिक पार्टी सांसद मौके पर मौजूद थे। लेकिन ठीक 20 मिनट बाद, INDIA ब्लॉक के सांसदों का एक बड़ा दल भी मौके पर पहुंचा और अगले 30 मिनट तक जबरदस्त टकराव हुआ, जिसमें सांसदों के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई। पार्टी ने आरोप लगाया कि सालों से कांग्रेस ने भीम राव आंबेडकर का अपमान किया, जिसे लेकर बीजेपी ने संसद के गेट पर विरोध प्रदर्शन करना का फैसला किया।
इसी कड़ी में बीजेपी सांसद सुबह 10 बजे से मकर द्वार पर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। सुबह 10.35 बजे तक बीजेपी सांसद हाथों में तख्तियां लेकर मीडिया से बात कर रहे थे। तभी प्रियंका गांधी वाद्रा के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने भीमराव अंबेडकर प्रतिमा से पुराने संसद भवन का चक्कर लगाने के बाद मकर द्वार की ओर मार्च किया। वाद्रा के साथ DMK, समाजवादी पार्टी और वाम दलों जैसे INDIA गुटों के अलग-अलग सांसद भी थे।
कैसे आमने-सामने आए कांग्रेस-BJP सांसद?
CISF सुरक्षा दल ने कांग्रेस के मार्च को मकर द्वार के पास एक एंट्री गेट की ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाद्रा के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने पुराने संसद भवन के एंट्री गेट के पास से घेरे में प्रवेश करने का रास्ता चुना और प्रदर्शन कर रहे बीजेपी सांसदों के साथ आमने-सामने आ गए। राहुल गांधी भी नीली टी-शर्ट पहनकर आमने-सामने हुए।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई, मकर द्वार के सामने खुले एरिया में लगभग 150-200 सांसद मौजूद थे। जहां कांग्रेस सांसद गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगा रहे थे और अंबेडकर की तख्तियां लेकर 'जय भीम' के नारे लगा रहे थे, तो वहीं बीजेपी सांसद भी उतनी ही मुखरता से जवाब देते हुए कांग्रेस नेताओं के सामने 'कांग्रेस शर्म करो' जैसे नारे लगा रहे थे।
दोनों पक्ष आमने-सामने रहे और गांधी परिवार और कुछ कांग्रेस सांसदों ने मकर द्वार के सामने बैठकर विरोध जारी रखने का फैसला किया। ये सब करीब 15 मिनट तक चलता रहा। CISF दोनों समूहों के बीच कोई सुरक्षा घेरा नहीं बना पाई, क्योंकि वे प्रोटोकॉल के अनुसार किसी भी सांसद को छूना नहीं चाहते थे।
कब शुरू हुई धक्का-मुक्की?
समस्या सुबह 11 बजे के आसपास शुरू हुई, जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने बीजेपी सांसदों के सामने से होते हुए मकर द्वार से संसद में प्रवेश करने का फैसला किया।
इसके बाद सांसदों के बीच काफी धक्का-मुक्की देखने को मिली और बाद में बीजेपी के प्रताप सारंगी को मकर द्वार की सीढ़ियों के पास गिरे हुए देखा गया, उनके सिर से खून बह रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने ही उन्हें धक्का दिया था।
न्यूज एजेंसी PTI का एक वीडियो अब सामने आया है, जिसमें राहुल गांधी को सारंगी को देखने के लिए उनके पास जाते देखा जा सकता है, जबकि भाजपा के निशिकांत दुबे कांग्रेस नेता से कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें सारंगी को धक्का देने के लिए शर्म आनी चाहिए।
राहुल गांधी तुरंत वहां से निकल जाते हैं। उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उन्होंने सारंगी को धक्का दिया था और इसके बजाय उन्होंने कहा कि बीजेपी सांसद ने ही उन्हें धक्का दिया था।
नागालैंड की सांसद ने राहुल पर लगाया आरोप
नागालैंड से बीजेपी सांसद फांगोन कोन्याक ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उन्हें भी धक्का दिया। दिन खुत्म होते-होते, दो बीजेपी सांसद घायल होकर अस्पताल पहुंच गए हैं, जबकि कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया है कि उन्हें भी बीजेपी सांसदों ने धक्का दिया था।
INDIA समूह के कुछ सांसद अंबेडकर की तस्वीरों के साथ मकर द्वार की चारदीवारी पर भी चढ़ गए और एक महिला सांसद मकर द्वार पर लगी प्रतिमा पर भी चढ़ गईं। नए संसद भवन में अब तक कभी इस तरह नहीं देखा गया था।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने News18 को बताया कि यह राहुल गांधी की पूरी तरह से "अराजकता और गुंडागर्दी" थी और कांग्रेस का व्यवहार निंदनीय था, क्योंकि इससे दो बीजेपी सांसद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सिंह ने कहा, "कांग्रेस सांसद मकर द्वार के जरिए संसद में प्रवेश करने के लिए साइड रैंप का इस्तेमाल कर सकते थे, लेकिन उन्होंने टकराव का रास्ता चुना।"
PM ने घायल सांसदों का पूछा हाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दोनों सांसदों को फोन कर उनका हालचाल लिया। इस बीच, BJP ने राहुल गांधी के खिलाफ इस मामले में FIR दर्ज करा दी।
कांग्रेस के मनिकम टैगोर ने कहा कि बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस सांसदों का रास्ता रोकने की कोशिश की और "राहुल गांधी किसी को धक्का देने वाले व्यक्ति नहीं हैं"।
दो बीजेपी सांसदों के साथ वास्तविक घटना का कोई वीडियो न होने या खड़गे को धक्का दिए जाने के कांग्रेस के दावों का सबूत न होने के चलते, फिलहाल ये आरोप-प्रत्यारोप ही हैं। हालांकि, इस पूरी घटना के बारे में CCTV कैमरे की इमेज से ही पता चल पाएगा। क्योंकि मकर द्वार पूरी तरह से कैमरों से लैस है।