कांग्रेस नेता और गांधी-नेहरू परिवार की सदस्य प्रियंका गांधी की संसद में एंट्री हो चुकी है। केरल की वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह सीट उनके भाई राहुल द्वारा छोड़े जाने के बाद खाली हुई थी। अगर जवाहर लाल नेहरू के वंश से जोड़कर देखें तो प्रियंका गांधी परिवार की 10वीं सदस्य हैं, जो चुनाव जीतकर संसद में पहुंची हैं। लेकिन भारतीय राजनीति में नेहरू परिवार के योगदान या कहें कि दबदबे को 10 की संख्या पूरी तरह प्रदर्शित नहीं कर पाती। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के पारिवारिक सदस्यों का आजाद भारत की राजनीति में ज्यादा गहरा प्रभाव है। साथ ही सक्रिय राजनीति या फिर संवैधानिक पदों पर बैठने वालों की संख्या कहीं ज्यादा है। इस पूरे प्रभाव को समझने के लिए जवाहर लाल नेहरू के दादा गंगाधर नेहरू के परिवार को समझना होगा, जो दिल्ली के आखिरी कोतवाल थे।