UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार (24 सितंबर) को खाने-पीने की चीजों में थूक या पेशाब मिलाने को वीभत्स करार देते हुए कहा कि यह सब स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने खान-पान की वस्तुओं में गंदी चीजों की मिलावट करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हाल में गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर जिलों में खान पान की वस्तुओं में कथित तौर पर पेशाब और थूक मिलाने की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद मुख्यमंत्री के इस निर्देश को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार देश के विभिन्न क्षेत्रों में सामने आईं ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। पीटीआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के सभी होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट आदि संबंधित प्रतिष्ठानों की गहन जांच, सत्यापन आदि के भी निर्देश हैं। साथ ही उन्होंने आम जन की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नियमों में आवश्यकतानुसार संशोधन के भी निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा है कि ऐसे ढाबों और रेस्टोरेंट आदि खान-पान के प्रतिष्ठानों की सघन जांच और हर कर्मचारी का पुलिस सत्यापन किया जाए। साथ ही खान-पान की चीजों की शुद्धता-पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में आवश्यक संशोधन भी किया जाए।
बयान के अनुसार, अब खान-पान के केंद्रों पर संचालक, प्रोपराइटर, मैनेजर आदि का नाम और एड्रेस लिखा होना अनिवार्य होगा। अब शेफ हो या वेटर, उनके लिए मास्क और ग्लव्स पहनना जरूरी होगा। इसके अलावा सभी होटल और रेस्टोरेंट में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा।
सीएम योगी ने बैठक में कहा कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में खान-पान की वस्तुओं में मानव अपशिष्ट, अखाद्य और गंदी चीजों की मिलावट की घटनाएं सामने आई हैं जो वीभत्स हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे कुत्सित प्रयास कतई स्वीकार नहीं किया जा सकते। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस प्रबंध किए जाने आवश्यक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे ढाबों, रेस्तरां आदि खान-पान के प्रतिष्ठानों की जांच की जानी आवश्यक है। सीएम योगी ने प्रदेशव्यापी सघन अभियान चलाकर इन प्रतिष्ठानों के संचालक सहित वहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
दरअसल, हाल ही में गाजियाबाद जिले की लोनी बॉर्डर पुलिस ने एक 29 वर्षीय जूस विक्रेता को जूस में कथित तौर पर पेशाब मिलाने की लोगों की शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में नान रोटी में थूक लगाए जाने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। लगातार ऐसे सामने आ रहे मामलों को देखते हुए सीएम योगी ने एक्शन लिया है।