Get App

उत्तराखंड कैबिनेट का हुआ विस्तार, तीरथ सिंह रावत सरकार में सतपाल महाराज समेत 11 मंत्री शामिल

तीरथ सिंह रावत सरकार में मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, बिशन सिंह चौपाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडे, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, रेखा आर्य और यतीश्वरानंद हैं

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 12, 2021 पर 11:27 PM
उत्तराखंड कैबिनेट का हुआ विस्तार, तीरथ सिंह रावत सरकार में सतपाल महाराज समेत 11 मंत्री शामिल

उत्तराखंड के नव नियुक्त मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत (Tirath Singh Rawat) ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल में 11 मंत्रियों को शामिल किया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने देहरादून के राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इससे पहले प्रदेश के नए मुख्यमंत्री चुने गए रावत ने नौ मार्च को अकेले ही पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व प्रमुख बंसीधर भगत को भी तीरथ सिंह रावत सरकार में शामिल किया गया था।

तीरथ सिंह रावत सरकार में अन्य मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, बिशन सिंह चौपाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडे, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, रेखा आर्य और यतीश्वरानंद हैं। अरविंद पांडे को छोड़कर सभी मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। पांडे ने संस्कृत में शपथ ली। प्रावधानों के अनुसार, उत्तराखंड मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। बुधवार को तीरथ सिंह रावत ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, जिसके एक दिन बाद पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद इस्तीफा दे दिया।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की 70 में से 57 सीटों पर जीत हासिल करके जबरदस्त बहुमत से सत्ता में आई BJP सरकार की कमान संभालते समय त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने मंत्रिमंडल में अपने अलावा केवल नौ मंत्रियों को ही शामिल किया था और दो पद खाली छोड दिए थे। जून 2019 में प्रदेश के वित्त एवं आबकारी मंत्री प्रकाश पंत का निधन हो गया था, जिसके बाद खाली मंत्री पदों की संख्या तीन हो गई। हांलांकि, बार-बार चर्चाओं के बाद भी ये पद कभी भरे नहीं गए और जानकारों का कहना है कि इसे लेकर विधायकों की नाराजगी भी त्रिवेंद्र सिंह रावत के सत्ता से बाहर होने का एक प्रमुख कारण रही।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें