उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी (Waseem Rizvi converts to Hinduism) एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में हैं। अपने विवादित बयानो को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले वसीम रिजवी ने सोमवार को इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म स्वीकार कर लिया। रिजवी ने यह जानकारी खुद एक वीडियो जारी कर दी। इसके साथ ही वसीम रिजवी का अब नया नाम जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी हो गया है।
गाजियाबाद स्थित डासना में एक मंदिर में यति नरसिंहानंद सरस्वती (Swami Yati Narsinghanand) ने उन्हें विधिवत सनातन धर्म स्वीकार कराया। इस मौके पर नरसिंहानंद सरस्वती ने कहा कि वसीम रिजवी त्यागी बिरादरी से जुड़ेंगे। रिजवी का नाम अब जितेंद्र नारायण सिंह त्यागी (Jitendra Narayan Singh Tyagi) होगा। यूपी में बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद से रिजवी लगातार चर्चा के केंद्र में बने हुए हैं।
वहीं, रिजवी ने कहा कि धर्म परिवर्तन की यहां पर कोई बात नहीं है, जब मुझको इस्लाम से निकाल दिया गया, तब यह मेरी मर्जी है कि मैं किस धर्म को स्वीकार करूं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म दुनिया का सबसे पहला धर्म है और इतनी उसमें अच्छाइयां हैं जो किसी दूसरे धर्म में नहीं है।
रिजवी ने कहा कि इस्लाम को मैने कभी धर्म नहीं माना। हर शुक्रवार को जुमे की नमाज में मेरे और यति निरसिंहानंद के सर पर ईनाम की राशि बढ़ा दी जाती है। इसलिए मै अपनी मर्जी से आज सनातन धर्म अपना रहा हूं।
आपको बता दें कि रिजवी अक्सर इस्लाम को लेकर विवादित बयानबाजी करते रहे हैं। उन्होने कई बार खुद पर जानलेवा हमला किए जाने की आशंका जताई है। रिजवी का कहना है कि उन्होने कुरान की 26 आयतों को कोर्ट में चुनौती दी है, जिसके चलते मुस्लिम कट्टरपंथी उनकी हत्या करना चाहते हैं।