Olympics 2032: ICC प्रमुख जय शाह ने ओलिंपिक के शीर्ष अधिकारियों से की मुलाकात, ब्रिसबेन में होगी क्रिकेट की वापसी

Brisbane 2032 Olympic: इस महीने की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन का पदभार संभालने वाले जय शाह ने गुरुवार को 2032 ब्रिसबेन ओलिंपिक आयोजन समिति के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समर गेम्स में क्रिकेट को शामिल करने की संभावना पर चर्चा की

अपडेटेड Dec 12, 2024 पर 6:00 PM
Story continues below Advertisement
Olympics 2032: जय शाह फिलहाल फरवरी-मार्च में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का समाधान खोजने में भी लगे हुए हैं

Olympics 2032: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नवनियुक्त चेयरमैन जय शाह ने गुरुवार (12 दिसंबर) को ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन में 2032 ओलंपिक (Brisbane 2032 Olympic) और पैरालंपिक खेल आयोजन समिति (OCOG) की CEO सिंडी हुक समेत शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। 1 दिसंबर को ICC के चेयरमैन का पदभार संभालने वाले शाह ब्रिसबेन के दौरे पर हैं। उन्हें 14 दिसंबर से गाबा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे टेस्ट मैच को देखने का मौका मिलेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, जय शाह ने 2032 ब्रिसबेन ओलिंपिक आयोजन समिति के शीर्ष अधिकारियों से खेलों के इस महाकूंभ में क्रिकेट को शामिल करने की संभावना पर चर्चा की।

क्रिकेट 128 साल बाद ओलिंपिक में वापसी करेगा जब यह 2028 लॉस एंजिलिस खेलों का हिस्सा होगा। हालांकि, ब्रिसबेन में 2032 में क्रिकेट को शामिल करने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। शाह ने बैठक की तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, "ओलिंपिक आंदोलन में क्रिकेट की भागीदारी के लिए बहुत ही रोमांचक समय है। आज ऑस्ट्रेलिया के ब्रिसबेन में ब्रिसबेन 2032 आयोजन समिति के साथ बैठक हुई।"

बैठक में ब्रिसबेन 2032 आयोजन समिति की प्रमुख सिंडी हुक और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने भाग लिया। भारतीय क्रिकेट बार्ड (BCCI) के पूर्व सचिव के भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे क्रिकेट टेस्ट को देखने की उम्मीद है जो शनिवार से गाबा में शुरू होगा।


शाह की तत्काल प्राथमिकताओं में फरवरी-मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का समाधान खोजना है। सभी देशों ने हाइब्रिड मॉडल पर सहमति व्यक्त की है। लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है जिससे टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिसबेन में क्रिकेट खेले जाने की उम्मीद है। क्रिकेट 128 साल के अंतराल के बाद 2028 लॉस एंजिल्स खेलों में ओलिंपिक में वापसी कर रहा है। यह खेल समर गेम्स का हिस्सा केवल 1900 में था। उस वक्त ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें एक-दूसरे से भिड़ी थीं। ग्रेट ब्रिटेन की टीम ने यह मैच 158 रनों से जीता था।

जय शाह ने रचा इतिहास

आईसीसी चेयरमैन ने हाल एक बयान में कहा, "यह खेल के लिए एक रोमांचक समय है। हम क्रिकेट को दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए अधिक समावेशी और आकर्षक बनाने के लिए काम कर रहे हैं। क्रिकेट में वैश्विक स्तर पर अपार संभावनाएं हैं। मैं इन अवसरों को भुनाने और खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आईसीसी टीम और सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।"

ये भी पढ़ें- Jharkhand Quota: झारखंड में लागू नहीं होगा निजी कंपनियों में 75% आरक्षण वाला कानून, स्थानीय लोगों को HC ने दिया झटका

जय शाह आईसीसी चेयरमैन बनने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति हैं। आईसीसी का पदभार संभालने के समय उनकी उम्र 36 वर्ष थी। जगमोहन डालमिया (1997-2000 तक अध्यक्ष), शरद पवार (2010-2012 तक अध्यक्ष), एन. श्रीनिवासन (2014-2015 तक अध्यक्ष) और शशांक मनोहर (2015 से 2020 तक अध्यक्ष) के बाद शाह वैश्विक संस्था का नेतृत्व करने वाले पांचवें भारतीय शख्स हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।