Anju In Pakistan: प्यार में पाकिस्तान गई अंजू 20 अगस्त को लौटेगी भारत, पाकिस्तानी दोस्त ने किया बड़ा खुलासा

Anju In Pakistan: पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर के बाद अब एक भारतीय महिला अंजू अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने पाकिस्तान पहुंच गई है। लेकिन वह 20 अगस्त को भारत लौटे आएगी। पाकिस्तान के पख्तूनख्वा प्रांत में दूर दराज के एक गांव में फेसबुक के जरिए बने अपने पुरुष मित्र से मिलने पहुंची भारतीय महिला अंजू वीजा की अवधि पूरी होने पर 20 अगस्त को स्वदेश लौट जाएगी

अपडेटेड Jul 25, 2023 पर 1:45 PM
Story continues below Advertisement
Anju In Pakistan: राजस्थान में रह रहे अंजू के पति अरविंद ने उम्मीद जताई है कि जल्द उसकी पत्नी वापस आ जाएगी

Anju In Pakistan: पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर के बाद अब एक भारतीय महिला अंजू अपने फेसबुक फ्रेंड से मिलने पाकिस्तान पहुंच गई है। लेकिन वह 20 अगस्त को भारत लौटे आएगी। पाकिस्तान के पख्तूनख्वा प्रांत में दूर दराज के एक गांव में फेसबुक के जरिए बने अपने पुरुष मित्र से मिलने पहुंची भारतीय महिला अंजू वीजा की अवधि पूरी होने पर 20 अगस्त को स्वदेश लौट जाएगी। यह जानकारी अंजू के पाकिस्तानी मित्र नसरुल्ला ने सोमवार को दी, जिससे मिलने वह पड़ोसी देश गई हुई है। नसरुल्ला ने इसके साथ ही अंजू से प्रेम संबंध होने के दावों को भी खारिज कर दिया है। इस बीच, अंजू के पिता ने दावा किया है कि वह मानसिक रूप से परेशान और सनकी है। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि उसका कोई प्रेम प्रसंग नहीं चल रहा है।

'अंजू से शादी करने की कोई योजना नहीं'

29 वर्षीय नसरुल्ला ने कहा कि उसकी 34 वर्षीय अंजू से शादी करने की कोई योजना नहीं है। अंजू का जन्म उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में हुआ था और वह राजस्थान के अलवर में रहती थी। नसरुल्ला और अंजू की दोस्ती 2019 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। पेशावर से करीब 300 किलोमीटर दूर कुल्शो गांव से फोन पर न्यूज एजेंसी पीटीआई से की गई बातचीत में नसरुल्ला ने कहा कि अंजू पाकिस्तान आई हुई है और हमारी शादी करने की कोई योजना नहीं है।


उन्होंने कहा कि वह 20 अगस्त को वीजा अवधि समाप्त होने पर अपने देश लौट जाएगी। अंजू मेरे घर में परिवार की अन्य महिलाओं के साथ दूसरे कमरे में रहती है। अंजू वैध वीजा पर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा सूबे के कबाइली जिले ऊपरी दीर में नसरुल्ला से मिलने पड़ोसी देश गई है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग को भेजे गए आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, अंजू को केवल ऊपरी दीर जिले के लिए 30 दिन का वीजा मंजूर करने का फैसला किया गया है।

20 अगस्त को आएगी भारत

नसरुल्ला शेरिंगल स्थित विश्वविद्यालय से विज्ञान में ग्रेजुएट है और पांच भाइयों में सबसे छोटा है। उसने स्थानीय अधिकारियों को दिए हलफनामे में कहा कि उनकी दोस्ती में प्रेम का कोई एंगल नहीं है। अंजू 20 अगस्त को भारत लौट जाएगी। हलफनामे के मुताबिक वह ऊपरी दीर जिले से बाहर भी नहीं जाएगी। जिला पुलिस अधिकारी मुश्ताक खान ने भी पीटीआई को बताया कि वीजा दस्तावेजों के मुताबिक वह 20 अगस्त को वापस लौट जाएगी।

ये भी पढ़ें- भारत की अंजू को पाकिस्तानी नसरुल्‍ला से हुआ प्‍यार, पहुंच गई सरहद पार, पढ़िए दोनों की FB लव स्टोरी

मुश्ताक ने रविवार को अंजू से अपने ऑफिस में पूछताछ की और उसके दस्तावेजों की जांच के आधार पर नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी किया गया। नसरुल्ला ने अंजू से दोस्ती में प्रेम का कोण होने से इनकार किया है लेकिन पुलिस अधिकारी खान का कहना है कि वह प्यार की वजह से पाकिस्तान आई है। उन्होंने कहा कि अंजू के पाकिस्तान आने से जुड़ी जांच पूरी हो गई है।

फेसबुक पर हुई थी दोस्ती

खबरों के मुताबिक, अंजू ने स्थानीय पत्रकारों को बताया कि नसरुल्ला से उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई और बाद में यह प्रेम संबंध में तब्दील हो गई। अंजू ने बताया कि नसरुल्ला से प्रेम से प्रेरित होकर वह पाकिस्तान आई है। नसरुल्ला ने कहा कि जिला प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की है। अंजू उसके परिवार के साथ सुरक्षित है। पश्तून बहुल गांव के लोग चाहते हैं कि अंजू सुरक्षित भारत लौट जाए, क्योंकि वे नहीं चाहते कि इस घटना से उनके समुदाय की बदनामी हो।

पति का बयान

राजस्थान में रह रहे अंजू के पति अरविंद ने उम्मीद जताई है कि जल्द उसकी पत्नी वापस आ जाएगी। अंजू की 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है। अंजू के पति अरविंद ने राजस्थान के भिवाड़ी में पत्रकारों को बताया कि उनकी पत्नी गुरुवार को जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन बाद में परिवार को जानकारी मिली कि वह पाकिस्तान में है। अरविंद ने बताया कि अंजू का 2020 में पासपोर्ट बना था, क्योंकि वह विदेश में नौकरी के लिए अप्लाई करना चाहती थी। उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि वह सोशल मीडिया के जरिये किसी के संपर्क में है।

पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर

बता दें कि अंजू की तरह का ही एक मामला सीमा गुलाम हैदर का है। चार बच्चों की मां एवं पाकिस्तानी नागरिक सीमा सचिन मीणा के साथ रहने के लिए नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुई। सीमा की मीणा से दोस्ती 2019 में पबजी के जरिए हुई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय सीमा 22 वर्षीय सचिन मीणा के साथ दिल्ली के नजदीक ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रह रही है जहां सचिन किराने की दुकान पर काम करता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।