एलॉन मस्क (Elon Musk) के 'कठोर परिश्रम' वाले वर्क पॉलिसी के चलते सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर (Twitter) में अब बिलकुल बदली हुई जगह बन गई है। दुनिया के सबसे अमीर इंसान Elon Musk ने ट्विटर को खरीदने के बाद पहले उसके कर्मचारियों की संख्या करीब 7,000 से घटाकर 2,500 की। उसके बाद अब उन्होंने ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को स्थित मुख्यालय में नए सिरे से बदलाव किए हैं। ट्विटर के हेड ऑफिस में अब बेड, वार्डरोब, वॉशिंग मशीन ने काफी जगह कब्जा कर लिया है। एलॉन मस्क के हाथों में जाने के तुरंत बाद ही ट्विटर के वर्क कल्चर में बदलाव दिखने लगा था और अब यह पूरी तरह से अमल में आ गया है।
हालांकि इस बीच ट्विटर के ऑफिस को होटल जैसा बनाने के लिए शहर प्रशासन ने उसकी बिल्डिंग के खिलाफ जांच भी शुरू कर दी है क्योंकि वह एक कमर्शियल बिल्डिंग है।
Twitter हेड ऑफिस के अंदर की तस्वीर बताती है, वहां कर्मचारियों को सोने के लिए उचित व्यवस्था की गई है। ट्विटर को खरीदने के बाद एलॉन मस्क खुद भी कई बार रात में उसके मुख्यालय में रुके हैं। मस्क ने अपने कर्मचारियों से चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने की अपील की थी और कर्मचारियों से लंबे समय तक काम करने के लिए तैयार रहने को कहा था, जिसके बाद ट्विटर से कई कर्मचारियों ने इस्तीफा दिया था। उस दौरान फर्श पर एक स्लीपिंग बैग में आराम करते हुए एक कर्मचारी की एक तस्वीर भी वायरल हुई थी।
ट्विटर के ऑफिस में स्लीपर, सोफा बेड, वॉशिंग मशीन सहित ये सभी नई चीजें मस्क के आने के बाद आई हैं। BBC ने ट्विटर के हेडऑफिस के अंदर की तस्वीरें हासिल की है, जिसे इस समय सोशल मीडिया पर कई लोगों की ओर से शेयर करते हुए देखा जा सकता है।
नीचे आप भी इन तस्वीरों को देख सकते हैं-
जांच को लेकर क्या बोले एलॉन मस्क
नियमों के उल्लंघन को लेकर बिल्डिंग के खिलाफ जांच को लेकर Elon Musk ने शहर प्रसाशन पर तंज कसा है। मस्क ने एक ट्वीट में कहा, "सैन फ्रांसिस्को शहर को फेंटानाइल जैसे ड्रग से बच्चों को सुरक्षित रखने पर फोकस करना चाहिए, लेकिन इसकी जगह वह उन कंपनियों को निशाना बना रहा है जो अपने थके हुए कर्मचारियों को ऑफिस में बिस्तर मुहैया करा रही है। आखिर इनकी प्राथमिकता क्या है।" वहीं प्रसाशन का तर्क है कि यह बिल्डिंग एक कमर्शियल बिल्डिंग के तौर पर रजिस्टर्ड है और इसका इसका इस्तेमाल आवासीय उद्देश्य से नहीं किया जा सकता है।