Ban on royale game BGMI : देश में लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया Battlegrounds Mobile India यानी BGMI पर बैन लग गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी एंड कम्युनिकेशन की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड एन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी मिनिस्ट्री (Meity) को भेजी गई एक रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई की गई है।
इस रिपोर्ट में उन उल्लंघनों की बात की गई है, जिनसे साइबर जोखिम पैदा हो सकते हैं और भारतीय यूजर्स पर साइबर अटैक के लिए यूजर्स डाटा का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सीधे चीन में मौजूद सर्वर से कम्युनिकेशन कर रहा था ऐप
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, ऐप के साथ कई समस्याऐं थीं लेकिन सबसे अहम समस्या यह थी कि यह चीन में मौजूद सर्वर्स के साथ सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से संवाद कर रहा था। सूत्रों ने यह पुष्टि भी की कि दूसरे ‘रिब्रांडेड’ (जिनका फिर से ब्रांडिंग की गई है यानी नाम बदला गया है) ऐप्स भी चीन से सर्वर्स के साथ कम्युनिकेट कर रहे हैं और उनकी जांच जारी है।
भारतीय एजेंसियों द्वारा कई चरणों में विश्लेषण के बाद ही गूगल से अपने प्ले स्टोर से हटाने के लिए कहा गया था।
एप्लीकेशन में थे कई हानिकारक कोड
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने न्यूज 18 से बातचीत में कहा, “विश्लेषण से यह भी पता चलता है कि इस एप्लीकेशन में हानिकारक कोड हैं और इसके लिए बड़ी संख्या में मंजूरियों की जरूरत होती है, जिनका कैमरा/ माइक्रोफोन, लोकेशन ट्रैकिंग और हानिकारक नेटवर्किंग एक्टिविटीज के जरिये यूजर डाटा का दुरुपयोग किया जा सकता है।”
इस तरह था भारत के लिए खतरा
Meity से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, “ऐसे ऐप्स भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरा हैं। ये भारत के सिक्योरिटी ग्रिड के लिए भी खतरनाक हो सकते हैं। इससे जुड़े इनपुट्स हमारे साथ साझा किए गए थे और सरकार ने बिना देरी के इस पर कार्रवाई की।”