Bill Gates ने भारतीय सड़कों पर चलाया ई-रिक्शा, आनंद महिंद्रा ने अपने साथ इलेक्ट्रिक-व्हीकल रेस की दी चुनौती

वीडियो में अरबपति बिल गेट्स सूट-बूट और टाई पहने हुए इलेक्ट्रिक-रिक्शा चला रहे हैं और खुद को ऑटो-रिक्शा में लगे शीशे में देखते हुए मुस्कुरा रहे हैं और इस सफर का आनंद ले रहे हैं। बिल गेट्स ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो के बैकग्राउंड में बॉलीवुड फिल्म 'चलती का नाम गाड़ी' का लोकप्रिय गाना 'बाबू समझो इशारे' चल रहा है

अपडेटेड Mar 07, 2023 पर 3:11 PM
आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने बिल गेट्स को अपने और सचिन तेंदुलकर के साथ रेस के लिए आमंत्रित किया है

भारत दौरे पर आए माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स (Bill Gates) सोमवार 6 मार्च एक इलेक्ट्रिक तीन पहिया रिक्शा (Electric-Rickshaw) चलाते हुए दिखे और इसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अरबपति बिल गेट्स किसी बॉलीवुड फिल्म की तरह सूट-बूट और टाई पहने हुए इलेक्ट्रिक-रिक्शा चला रहे हैं और खुद को ऑटो-रिक्शा में लगे शीशे में देखते हुए मुस्कुरा रहे हैं और इस सफर का आनंद ले रहे हैं। बिल गेट्स ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो के बैकग्राउंड में बॉलीवुड फिल्म 'चलती का नाम गाड़ी' का लोकप्रिय गाना 'बाबू समझो इशारे' चल रहा है।

उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "इनोवेशन के मामले में भारत का जुनून कभी भी आपको आश्चर्यचकित करना बंद नहीं करता। मैंने एक इलेक्ट्रिक रिक्शा चलाया, जो 131 किमी (लगभग 81 मील) तक यात्रा करने और 4 लोगों को ले जाने में सक्षम है। महिंद्रा जैसी कंपनियों को ट्रांसपोर्टेशन इंडस्ट्री के डीकार्बोनाइजेशन में योगदान करते देखना प्रेरणादायक है।"

यह भी पढ़ें- Indian Railways: बिहार, यूपी और राजस्थान के लिए रेलवे ने चलाई 196 होली स्पेशल ट्रेनें, इन ट्रेनों में करा सकते हैं बुकिंग


महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने भी बिल गेट्स के इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया और साथ में उन्हें अगली बार अपने साथ इलेक्ट्रिक-व्हीकल की रेस लगाने के लिए आमंत्रित किया।

बिलगेट्स के इंस्टाग्राम पोस्ट को आप नीचे देख सकते हैं-

आनंद महिंद्रा ने कैप्शन में लिखा, "चलती का नाम, बिल गेट्स की गाड़ी! बहुत खुशी हुई कि आपको 'ट्रियो (Treo)' को देखने का समय मिल गया। अब आपकी अगली यात्रा में आपके, सचिन तेंदुलकर और मेरे बीच एक 3-व्हीलर ईवी ड्रैग रेस होनी चाहिए।" ट्रियो, महिंद्रा के इलेक्ट्रिक-रिक्शा मॉडल का नाम है।

आनंद महिंद्रा के ट्विटर पोस्ट को आप नीचे देख सकते हैं-

बिलगेट्स ने लिंक्डइन पर भी एक वीडियो शेयर किया नाम है, जिसका नाम उन्होंने 'आंकड़ों में भारत' दिया है। इस वीडियो में उन्होंने हेल्थकेयर, एजुकेशन और इकोनॉमी में भारत की ग्रोथ को बताया है। वीडियो इस बात की ओर इशारा करते हुए शुरू होता है कि लगभग 90 प्रतिशत भारतीय बच्चों को जरूरी टीकाकरण लग चुका है। गेट्स यह भी बताते हैं कि भारत के प्राइमरी स्कूलों में प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन अब लगभग 100 प्रतिशत है, जबकि 1970 तक यह आंकड़ा केवल 50 प्रतिशत का था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।