Biparjoy Cyclone: मुंबई के जुहू बीच पर समुद्र में डूब गए 5 लड़के, 1 को बचाया गया, दो के शव बरामद

चक्रवाती तूफान बिपरजोय के 15 जून को गुजरात तट पर पहुंचने की संभावना के चलते अधिकारी लोगों और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी पहले ही दे चुके हैं। अरब सागर में आए चक्रवात को लेकर समुद्री तटों पर सरकार की तरफ से लगातार लोगों को अर्लट किया जा रहा है। मछुआरों को भी गहरे समुद्र में जाने से बचने की हिदायत दी गई है

अपडेटेड Jun 13, 2023 पर 11:58 AM
Story continues below Advertisement
Biparjoy Cyclone: एक अधिकारी ने बताया कि चार लापता लड़कों में से दो का मंगलवार को पता चला

Biparjoy Cyclone: मुंबई के जुहू बीच (Mumbai Juhu beach) पर लाइफगार्ड की अनदेखी कर सोमवार को समुद्र में नहाने गए पांच लड़के बह गए। पुलिस ने कहा कि एक लड़के को तुरंत बचा लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जुहू कोलीवाड़ा के पास समुद्र में जाने के बाद लापता हुए चार लड़कों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि 16 वर्षीय धर्मेश वाल्जी फौजिया और 15 वर्षीय शुभम योगेश भोगनिया के शव बरामद किए गए हैं। जुहू कोलीवाड़ा (Juhu Koliwada) में 12 से 16 साल की उम्र के पांच लड़कों का एक ग्रुप सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे समुद्र तट में आधा किलोमीटर दूर गया था, लेकिन वह लौट नहीं सका। उनमें से एक को बचा लिया गया, लेकिन अन्य लड़कों के डूब जाने की आशंका जताई गई।

एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि चार लापता लड़कों में से दो का मंगलवार को पता चला। उन्हें सरकारी कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दमकल कर्मियों ने सोमवार रात करीब 11 बजे अंधेरे और खराब मौसम के कारण तलाश अभियान रोक दिया था। इससे पहले रात 8 बजकर 20 मिनट पर नौसेना के एक हेलीकॉप्टर को भी इस अभियान में तैनात किया गया था।

क्या बिपरजोय ने ली चारों की जान?


बता दें कि चक्रवाती तूफान बिपरजोय के 15 जून को गुजरात तट पर पहुंचने की संभावना के चलते अधिकारी लोगों और मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी पहले ही दे चुके हैं। अरब सागर में आए चक्रवात को लेकर समुद्री तटों पर सरकार की तरफ से लगातार लोगों को अर्लट किया जा रहा है। मछुआरों को भी गहरे समुद्र में जाने से बचने की हिदायत दी गई है। तुफान की आशंका के बीच अरब सागर में हाई टाइड देखने को मिल रहे हैं।

जानकारी के अनुसार न चक्रवात के चलते जुहू बीच को आम लोगों के आने-जाने के लिए बंद कर दिया गया था। मुंबई और महाराष्ट्र में कई अन्य तटीय क्षेत्रों को बंद कर दिया गया है। घटना शाम 4.30 से 5 बजे के बीच की है, जब पांच लड़कों का जत्था जुहू कोलीवाडा की तरफ से जेटी के जरिए समुद्र में चला गया।

ये भी पढ़ें- Biparjoy Cyclone LIVE: बिपरजोय को लेकर एक्शन में सरकार, अमित शाह करेंगे समीक्षा बैठक

पुलिस ने कहा कि मौके पर तैनात लाइफगार्ड ने सीटी बजाकर उन्हें पानी के अंदर नहीं जाने का इशारा किया, लेकिन लड़कों ने उनकी बात नहीं मानी। लापता चारों लड़के सांताक्रुज ईस्ट के वकोला में दत्ता मंदिर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान समुद्र तट पर कुल चार लाइफगार्ड तैनात थे और 12 पूरे समुद्र तट पर तैनात थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।