फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (Fast Moving Consumer Goods -FMCG) सेक्टर की बड़ी कंपनियों में शामिल ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Britannia Industries Limited -BIL) ने कहा है कि साल 2024 तक अपनी फैक्ट्री के कर्मचारियों में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाकर 50 फीसदी करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (Chief Marketing Officer -CMO) अमित दोशी (Amit Doshi) ने कहा है कि मौजूदा समय में कंपनी की फैक्ट्री में 38 फीसदी महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य साल 2024 तक इसे 50 फीसदी का विविधता अनुपात (Diversity Ratio) हासिल करना है। अभी इस मामले में हमारी फैक्ट्री में मौजूदा राष्ट्रीय औसत 38 फीसदी है।
उन्होंने कहा कि ब्रिटानिया के गुवाहाटी फैक्ट्री में, कर्मचारियों में महिलाओं का अनुपात 60 फीसदी है और इसे बढ़ाकर 65 फीसदी किया जाएगा। दोशी ने आगे कहा कि हमें इंजीनियरिंग के साथ-साथ पैकिंग, हाउसकीपिंग, लैब टेस्टिंग, कैंटीन और सुरक्षा जैसे आम तौर पर पुरुषों के वर्चस्व वाले क्षेत्रों में महिला कर्मचारियों के होने पर गर्व है। दोषी ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कंपनी पहले ही महिला उद्यमियों के बीच स्टार्ट-अप चुनौती (start-up challenge) शुरू कर चुकी है।
कंपनी ने गूगल के साथ किया एग्रीमेंट
उन्होंने कहा कि अब तक कंपनी ने ई-कॉमर्स, डिजिटल सर्विसेस, मोबाइल वैन के जरिए नेत्र विज्ञान देखभाल और बाल शिक्षा जैसे क्षेत्रों में स्टार्ट-अप के लिए प्रत्येक 30 महिला उद्यमियों को 10 लाख रुपये का शुरुआती फंड मुहैया कराया है। अमित दोषी ने कहा कि कंपनी ने देश भर में महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण (skill training) मुहैया कराने के लिए गूगल के साथ भी करार किया है।