Crypto Fraud: मनी लॉन्ड्रिंग, फर्जीवाड़े और आपराधिक संगठन बनाने के मामले में 11,196 वर्षों की जेल हुई है। यह सजा सिर्फ एक शख्स को नहीं बल्कि तीन अलग-अलग लोगों को 11,196 वर्षों के कैद की सजा सुनाई गई है। तुर्की की सरकारी न्यूज एजेंसी Anadolu के मुताबिक तुर्की के पहले ग्लोबल क्रिप्टो एक्सचेंज थोडेक्स (Thodex) के फाउंडर फारुक फतिह ओजर (Faruk Fatih Ozer) और उनके दो भाईयों को 11,196-11,196 वर्षों की सजा सुनाई गई है। प्रॉसिक्यूटर्स ने 29 वर्षीय फारुक के लिए 40562 वर्षों के लिए कैद की मांग की थी। फारुक अल्बानिया भाग गया था लेकिन पिछले साल उसे इंटरपोल के इंटरनेशनल अरेस्ट वारंट पर अल्बानिया से गिरफ्तार कर लिया गया था। अब उसे लंबी सजा सुनाई गई है।
प्रॉसिक्यूटर के मुताबिक फारुक ने अप्रैल 2021 में टर्की से भागते समय तीन गुप्त खातों में 25 करोड़ लीरा (तत्कालीन वैल्यू करीब 3 करोड़ डॉलर) भेज दिए थे। इसमें से ज्यादातर पैसे बाद में माल्टा बैंक में भेजे गए। इस प्रकार ओजर भाईयों यानी फारुक, सेरप और गुवेन ने अपने क्लाइंट्स के साथ 35.6 करोड़ लीरा का नुकसान पहुंचाया। इस मामले ने स्थानीय तौर पर काफी सुर्खियां बटोरीं क्योंकि उसी समय तुर्की में क्रिप्टो इंडस्ट्री बुलंदियों पर था। हालांकि उसके बाद से सरकारी विनियम के चलते अब काफी कम हो चुका है।
दो साल से अधिक समय पहले शुरू हुई लीरा के मूल्य में बड़ी गिरावट से बचाव के लिए तुर्की ने कई क्रिप्टोकरेंसीज को अपनाना शुरू किया था। सरकार के उग्रसमर्थक हस्तियों के साथ फारुक की तस्वीर सामने आने के बाद वह सेलिब्रिटी बन गया था। हालांकि अप्रैल 2021 में वह निवेशकों की 200 करोड़ डॉलर की संपत्ति लेकर भाग गया। यह आंकड़ा सही है या नहीं, इसे लेकर अभी विवाद है। प्रॉसिक्यूटर्स ने मनी लॉन्ड्रिंग, फ्रॉड और एक क्रिमिनल ऑर्गेनाइजेशन बनाने के मामले में भारी-भरकम कैद के सजा की मांग की थी।
इतनी भारी-भरकम कैद का क्या है मामला
तुर्की में लंबे समय तक की कैद सुनाई जाती है। इसकी वजह ये है कि यहां मौत की सजा नहीं मिलती है। तुर्की ने वर्ष 2004 में यूरोपीय संघ को ज्वाइन करने के लिए मौत की सजा को खत्म कर दिया था। इसके बाद से तुर्की में मुजरिमों को कठोर सजा के रूप में डेथ पेनाल्टी की बजाय लंबे समय तक की जेल दी जाने लगी।