Layoff News: मीडिया और एंटरटेनमेंट सेगमेंट की दिग्गज कंपनी डिज्नी में भारी बदलाव की तैयारियां चल रही हैं। इसका झटका कंपनी के एंप्लॉयीज पर पड़ रहा है। कंपनी ने 7000 जॉब्स में कटौती का एलान किया है। डिज्नी की योजना अपने पूरे कारोबार को तीन सेगमेंट में बांटने की है। बुधवार को कंपनी ने दिसंबर 2022 तिमाही के नतीजे पेश किए। इसके बाद कंपनी ने लागत में 550 करोड़ डॉलर की कटौती और 7000 नौकरियों की कटौती का एलान किया। कंपनी के छंटनी के फैसले से इसके करीब 3 फीसदी एंप्लॉयीज प्रभावित होंगे। 1 अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी के करीब 2.20 लाख एंप्लॉयीज हैं जिसमें 1.66 लाख अमेरिका में हैं।
इन तीन सेगमेंट में बंटेगा Disney का कारोबार
डिज्नी लागत घटाने और हजारों नौकरियों में कटौतियों के अलावा अपने कारोबार को तीन सेगमेंट्स में बांटने की योजना बना रही है। पहला हिस्सा डिज्नी एंटरटेनमेंट (Disney Entertainment) का होगा जिसमें इसके अधिकतर स्ट्रीमिंग और मीडिया ऑपरेशंस शामिल होंगे। दूसरा सेगमेंट ESPN डिवीजन का होगा जिसमें टीवी नेटवर्क और ESPN+ स्ट्रीमिंग सर्विस होगा। वहीं तीसरा सेग्नेंट पार्क्स, एक्सपीरिएंसेज और प्रोडक्ट्स यूनिट (Disney Parks, Experiences and Products) का होगा।
डिज्नी ने 550 करोड़ डॉलर की लागत घटाने का जो फैसला किया है, उसमें से 300 करोड़ डॉलर की लागत स्पोर्ट्स छोड़कर बाकी कंटेंट से किया जाएगा। इसके अलावा 250 करोड़ डॉलर की लागत नॉन-कंटेंट से कम की जाएगी। डिज्नी के मुताबिक 100 करोड़ डॉलर की लागत कटौती पर पिछली तिमाही से ही काम शुरू हो चुका है।
CEO के रूप में लौटने के बाद Bob Iger का सबसे बड़ा फैसला
दिसंबर 2021 में बॉब आइगर ने डिज्नी से रिटायरमेंट ले लिया था। हालांकि फिर पिछले साल नवंबर 2022 में वह सीईओ के तौर पर कंपनी में वापस लौटे। कंपनी में वापस लौटने के बाद बॉब आइगर ने अब कंपनी के कारोबार को तीन सेगमेंट में बांटने, छंटनी और लागत घटाने का बड़ा फैसला लिया है। डिज्नी ने इन बदलावों का दिसंबर 2022 के नतीजे पेश करने के कुछ ही समय बाद एलान किया। ये एलान कंपनी ने ऐसे समय में किया है जब यह एक्टिविस्ट निवेशक नेल्सन पेल्ट्ज और उसकी कंपनी ट्रायन मैनेजमेंट से प्रॉक्सी फाइट कर रही है।