Sandeep Singh: हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने दिया इस्तीफा, FIR के बाद लिया फैसला, महिला कोच ने लगाया था छेड़छाड़ का आरोप

Sandeep Singh: रविवार को संदीप सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ में महिला कोच के उत्पीड़न का केस दर्ज होने का खुलासा हुआ। जिसके बाद उन्होंने सीएम मनोहर लाल खट्टर से सुबह मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। संदीप सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ये सब मेरी इमेज को बर्बाद करने के लिए किया गया है

अपडेटेड Jan 01, 2023 पर 1:21 PM
Sandeep Singh: महिला कोच के आरोपों के बाद उन्होंने खेल विभाग सीएम मनोहर लाल खट्टर को सौंप दिया है

हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह (Haryana Sports Minister Sandeep Singh) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। महिला कोच के आरोपों के बाद उन्होंने खेल विभाग मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) को सौंप दिया है। इस मामले की जांच के लिए FIR दर्ज कर डीजीपी की ओर से तीन सदस्यीय SIT का गठन कर दिया गया है। रविवार को सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ में महिला कोच के उत्पीड़न का केस दर्ज होने का खुलासा हुआ। जिसके बाद संदीप सिंह ने सीएम मनोहर लाल खट्टर से सुबह मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। संदीप सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ये सब मेरी इमेज को बर्बाद करने के लिए किया गया है।

अपने ऊपर यौन उत्पीड़न का आरोप लगने पर हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "मेरी छवि को खराब करन के लिए एक माहौल बनाया गया है। खेल विभाग की एक जूनियर कोच ने जो झूठे आरोप लगाए हैं, मैं चाहूंगा कि उसकी अच्छे से जांच हो। जांच रिपोर्ट आने तक मैं अपना खेल विभाग मुख्यमंत्री को सौंपता हूं।"

FIR दर्ज


चंडीगढ़ पुलिस ने महिला कोच की शिकायत पर यौन उत्पीड़न और गलत तरीके से बंधक बनाकर रखने के आरोप में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि BJP नेता के खिलाफ FIR शनिवार को दर्ज की गई थी।

एक पुलिस प्रवक्ता ने पीटीआई से कहा, "हरियाणा की एक महिला कोच द्वारा खेल मंत्री हरियाणा के खिलाफ की गई शिकायत के मामले में दिनांक 31 दिसंबर 2022 को IPC की धारा 354, 354A, 354B, 342, 506 के तहत पुलिस स्टेशन सेक्टर 26, चंडीगढ़ में मामला दर्ज किया गया है। और जांच की जा रही है।"

ये भी पढ़ें- Happy New Year 2023: नए साल के जश्न में डूबा देश, राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी बधाई

राज्य के एक जूनियर एथलेटिक्स कोच ने गुरुवार को मंत्री के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे और एक दिन बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला को कथित तौर पर संदीप सिंह ने चंडीगढ़ में अपने निवास-सह-कैंप कार्यालय में परेशान किया, जहां वह किसी आधिकारिक काम के लिए उससे मिलने गई थी। हालांकि, मंत्री ने आरोप को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है और स्वतंत्र जांच की मांग की है।

पुलिस बोली- सभी पहलुओं पर होगी जांच

चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को कहा कि हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच की जाएगी और सभी पहलुओं पर गौर किया जाएगा। आम आदमी पार्टी (AAP) ने खेल मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए शनिवार को कहा कि ऐसा नहीं होने पर वह प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी।

राज्य की एक जूनियर एथलेटिक्स कोच ने गुरुवार को मंत्री पर आरोप लगाया था और एक दिन बाद उसने शिकायत के साथ पुलिस से संपर्क किया।

DGP पीके अग्रवाल ने मामले की पड़ताल के लिए रोहतक रेंज की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ममता सिंह के नेतृत्व में समिति गठित की है जिसमें पुलिस उपायुक्त, पंचकूला, सुमेर प्रताप सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त, पंचकूला, राज कुमार कौशिक सदस्य के रूप में शामिल हैं।

महिला ने शुक्रवार को कहा था, ‘मैंने यहां एसएसपी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) महोदया को शिकायत दी है। मुझे उम्मीद है कि मुझे न्याय मिलेगा और चंडीगढ़ पुलिस मेरी शिकायत की जांच करेगी।’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।