युवकों के एक ग्रुप से उत्पीड़न का सामना करने के बाद भारत में एक 22 वर्षीय जापानी महिला (Japanese woman) के लिए होली समारोह (Holi celebrations in India) एक भयावह यादें बनकर रह गई। पीड़ित महिला ने एक वीडियो ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। हालांकि, बाद में उसने इस वीडियो को हटा दिया। वीडियो में युवकों का एक ग्रुप युवती के चेहरे पर जबरदस्ती रंग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान महिला से युवकों ने बदसलूकी भी है। इतना ही नहीं शर्मसार करने वाले इस वीडियो में एक व्यक्ति को उसके सिर पर एक अंडा फोड़ते देखा गया। इस वीडियो को देख कर लोग भड़क गए हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वीडियो में देख सकते हैं कि युवती को कैसे पहले एक लड़का जबरदस्ती रंग लगा रहा है। इसके बाद वहां कुछ और लड़के भी पहुंच जाते हैं और रंग लगाने के नाम पर महिला के साथ बदसलूकी करने लगते हैं। इस दौरान महिला उनसे बचने की जी-तोड़ कोशिश करती है, लेकिन लड़के उसे छोड़ने का नाम ही नहीं लेते।
इस बीच, ग्रुप में शामिल एक लड़के ने महिला के सिर पर अंडा फोड़ दिया। हालांकि, बाद में महिला किसी तरह युवकों के चंगुल से बच निकलती है, लेकिन फिर बाद में एक और लड़का उसे गालों में रंग लगाने की कोशिश करता है। फिर महिला उसे एक थप्पड़ जड़ देती है और वहां से चली जाती है।
वायरल वीडियो में महिला को बार-बार "Bye, bye, bye" कहते हुए सुना जा सकता है। वह अनियंत्रित ग्रुप से खुद को निकालने का प्रयास कर रही थी। छोटी क्लिप में “होली है, होली है” के नारे भी सुने जा सकते हैं। जब महिला अंत में ग्रुप से बाहर निकलने में कामयाब रही, तो उसका तुरंत एक अन्य व्यक्ति से सामना हुआ, जिसने "हैप्पी होली" चिल्लाते हुए उसके चेहरे पर रंग लगाने की कोशिश की।
जबरदस्ती उत्पीड़न के इस वीडियो ने सोशल मीडिया को झकझोर कर रख दिया है। कई लोगों ने युवकों के इस ग्रुप की पहचान करने और उन्हें दंडित करने का आह्वान किया है। कुछ लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर होने वाली घटना की निंदा की।
बॉलीवुड अभिनेत्री ऋचा चड्ढा उन लोगों में शामिल थीं, जिन्होंने पुरुषों को जेल भेजने का आह्वान किया। 22 वर्षीय जापानी पर्यटक पिछले कुछ महीनों से भारत में अकेले यात्रा कर रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने होली कहां मनाई और यह वीडियो किस राज्य का है।