विवाह दो लोगों के जीवन का अहम हिस्सा होता है। इसे यादगार बनाने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं। इस बीच सोशल मीडिया शादी का एक ऐसा कार्ड सुर्खिया बटोर रहा है। जिसकी क्रिएटिविटी देखकर आपका दिमाग चकरा जाएगा। अगर आपको स्टॉक मार्केट के तकनीकी शब्दों का ज्ञान नहीं है तो हो सकता है कि इस कार्ड को समझने में आपको कठिनाइयों का सामना करना पड़े। इस कार्ड को शेयर मार्केट के अंदाज में तैयार किया तैयार किया गया है। कपल महाराष्ट्र के नांदेड़ के रहने वाले हैं। दूल्हे का नाम डॉ. संदेश और दुल्हन का नाम डॉ. दिव्या बताया जा रहा है।
वेडिंग कार्ड के मुताबिक, दूल्हे के नाम के आगे मेडिसिन लिमिटेड और दुल्हन के नाम के आगे एनेस्थीसिया लिमिटेड लिखा है। डॉक्टर शेयर बाजार के प्रशंसक लग रहे हैं। कार्ड के सबसे ऊपर नामचीन निवेशक झुनझुनवाला, वॉरेन बफेट और हर्षदयाल मेहता का नाम लिखा गया है। इसमें मेहमानों को निवेशक कहा गया है।
कार्ड में स्टॉक मार्केट के शब्दों की भरमार
कार्ड में दोस्तों और परिवारवालों के लिए रिटेल निवेशक (Retail investors) कहा गया है। विवाह की सभी रस्मों को शेयर बाजार के शब्दों में लिखा गया है। 'संगीत' को रिंगिंग बेल, 'रिसेप्शन' को 'इंटरिम डिविडेंड और 'फेरों' को 'लिस्टिंग सेरेमनी' लिखा गया है। वेडिंग वेन्यू को 'स्टॉक एक्सचेंज' का नाम दिया गया है। सभी रस्मों की तारीख भी लिखी गई है। माता-पिता को प्रमोटर्स (promoters) कहा गया है। विवाह को विलय (merger) कहा गया है। वहीं प्रीवेडिंग (pre-wedding) सेरेमनी को भी स्टॉक मार्केट के लिहाज से बयां किया गया है। बता दें कि शादी का यह कार्ड एक साल पुराना है। दूल्हे के भाई ने इसे ट्वीट किया है।
इस ट्वीट के अलावा इस कार्ड को इंस्टाग्राम पर 'द स्टॉक मार्केट इंडिया' नाम के पेज से शेयर किया गया है।
इस कार्ड को हजारों लोग देख चुके हैं। कई यूजर्स मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं। किसी ने इसे बहुत ज्यादा इनोवेटिव कहा तो किसी ने कपल को स्टॉक मार्केट का फैन बताया है। एक यूजर ने कमेंट में लिखा- अगले स्तर का शेयर बाजार क्रेज। दूसरे ने लिखा- सुर्खियां बटोरने का नायाब तरीका। एक और शख्स ने कहा- पढ़कर तो मेरा दिमाग चकरा गया।