तमिलनाडु में Tata Electronics की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंची 7 दमकल

Fire at Tata Electronics Factory: टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड टाटा समूह का एक नया वेंचर है, जो प्रिसीशन कंपोनेंट्स बनाने में विशेषज्ञता रखती है। घटना के समय, पहली शिफ्ट में करीब 1,500 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी फिलहाल घटना के कारण का पता लगाने में लगे हुए हैं

अपडेटेड Sep 28, 2024 पर 12:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने कहा है कि कर्मचारी सुरक्षित हैं।

शनिवार तड़के तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में होसुर के पास टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (Tata Electronics Private Limited) की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट फैक्ट्री के केमिकल गोदाम में आग लग गई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और न ही कोई घायल हुआ है। होसुर और आस-पास के जिलों से दमकल की 7 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग लगने के बाद इलाके में घना धुआं फैल गया और कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। सभी कर्मचारियों को आनन फानन परिसर से बाहर निकाला गया। पीटीआई के मुताबिक, होसुर फायर स्टेशन के एक वरिष्ठ फायर एंड रेस्क्यू सर्विस अधिकारी ने बताया, "घटना सुबह करीब 6 बजे कैंपस में स्थित एक केमिकल गोदाम में हुई। 7 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। इसमें कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है।"

आग लगने के कारण की हो रही जांच


टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने कहा है कि कर्मचारी सुरक्षित हैं और अधिकारी फिलहाल घटना के कारण का पता लगाने में लगे हुए हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा, "तमिलनाडु के होसुर में हमारे प्लांट में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। प्लांट में हमारे इमरजेंसी प्रोटोकॉल ने सुनिश्चित किया कि हमारे सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है और हम अपने कर्मचारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।"

बॉस ने बीमार महिला कर्मचारी को नहीं दी छुट्टी, फिर ऑफिस में काम करते हुए हो गई मौत

कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड टाटा समूह का एक नया वेंचर है, जो प्रिसीशन कंपोनेंट्स बनाने में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी iPhone के लिए विभिन्न एक्सेसरीज का उत्पादन करती है। कंपनी में करीब 4,500 कर्मचारी हैं। घटना के समय, पहली शिफ्ट में करीब 1,500 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सांस संबंधी समस्या से पीड़ित 3 कर्मचारियों को निजी अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और सभी कर्मचारियों को कंपनी परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।