कर्नाटक के कप्तान और लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) को नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने को तैयार फ्लाइट में बीमार पड़ने के बाद एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्नाटक टीम के मैनेजर रमेश ने कहा कि मयंक अग्रवाल दोपहर में बेंगलुरु पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर "अल्सर और सूजन" के कारण अगले 48 घंटों तक बात नहीं कर पाएंगे। इस घटना ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। मयंक ने किसी साजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस में एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है।
क्रिकेटर ने पानी समझकर एक पाउच से एक पेय पदार्थ पीया था जो इंडिगो (Indigo) एयरलाइन के प्लेन में उनकी सीट पर रखा था। इसे पीने के बाद वे बीमार पड़ गए। माना जाता है कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। मयंक ने अपने मैनेजर के जरिए पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक किरन कुमार ने पीटीआई को बताया, "मयंक अग्रवाल एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं। अब उनकी हालत स्थिर है। लेकिन उनके मैनेजर ने मामले की जांच के लिए एनसीसीपीएस (न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स पुलिस थाने) में एक शिकायत दर्ज करायी है।"
उन्होंने बताया, "उनके मैनेजर ने कहा है कि जब वह फ्लाइट में बैठ रहे थे तो उनके सामने एक पाउच रखा था। उन्होंने उसमें से थोड़ा-सा पेय पदार्थ पीया लेकिन अचानक उनके मुंह में जलन होने लगी और वह कुछ बोल भी नहीं पाए। इसके बाद उन्हें आईएलएस अस्पताल लाया गया। उनके मुंह में सूजन और छाले थे। हालांकि, उनकी हालत स्थिर है।"
राज्य स्वास्थ्य सचिव किरन गिट्टे ने कहा, "पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज कर ली है और हम मामले की जांच करेंगे। उनके प्रबंधक के अनुसार वह कल बेंगलुरु जाएंगे और इस बीच अगरतला में जो भी अच्छा इलाज होगा, हम उन्हें उपलब्ध कराएंगे।"
आईएलएस अस्पताल की ओर से मैनेजर मनोज कुमार देबनाथ ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि क्रिकेटर को 'मुंह में थोड़ी जलन हुई और उनके होंठ सूज गए।" बयान में कहा गया है, "आपातकालीन विभाग में अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अब उनकी हालत स्थिर है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।"
20 साल के मयंक ने भारत के लिए 21 टेस्ट खेले हैं। वह सोमवार को त्रिपुरा के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज करने वाली कर्नाटक की टीम की अगुवाई कर रहे थे। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के एक अधिकारी ने मामले की अधिक जानकारी दिए बिना पीटीआई को बताया, "वह (मयंक) किसी भी तरह के खतरे में नहीं है। वह फिलहाल अगरतला के एक अस्पताल में निगरानी में हैं और डॉक्टरों से अपडेट मिलने के बाद हम उसे वापस बेंगलुरु ले जाएंगे। उम्मीद है कि हमें आज रात तक उसके बारे में अपडेट मिल जाएगा।"
मयंक हालांकि सूरत में रेलवे के खिलाफ टीम का अगला रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेलेंगे। इस अधिकारी ने कहा, "वह कर्नाटक के अगले मैच (दो फरवरी से सूरत में रेलवे के खिलाफ) में नहीं खेलेंगे। लेकिन उसके अलावा उड़ रही अफवाह में कोई सच्चाई नहीं है। वह अब स्थिर हैं, और हम डॉक्टरों और राज्य के अन्य अधिकारियों के संपर्क में हैं।" उम्मीद है कि निकिन जोस अगले मैच में टीम की कप्तानी संभालेंगे क्योंकि वह नामित उप-कप्तान हैं।
एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने एक बयान जारी किया, जिसमें मेडिकल इमरजेंसी का कारण नहीं बताया गया। इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया, "अगरतला से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 5177 को प्लेन में एक इमरजेंसी मेडिकल स्थिति के कारण अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा। यात्री को उतार दिया गया और आगे की मेडिकल सहायता के लिए अस्पताल ले जाया गया। विमान ने शाम चार बजकर 20 मिनट पर अपने गंतव्य के लिए फिर से उड़ान भरी।"