मुंबई में प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है। सिर्फ गणेश चतुर्थी ही नहीं बाकि त्योहारों पर भी इस मंदिर में भक्तों का तांता लगा ही रहता है। ऐसे में ये विशाल मंदिर अब एक नए बड़े अपग्रेड के लिए तैयार है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मंदिर के आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जरूरी बदलाव के लिए मंदिर के आसपास का ड्रोन सर्वेक्षण किया जाएगा। इस नए अपग्रेड का मकसद है कि भक्तों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करना। मंदिर में भव्य प्रवेश द्वार स्थापित किया जाएगा, बेहतर पार्किंग, भक्तों के लिए अलग एंट्रेस और एग्जिट प्वाइंट रहेंगे, पीने के पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं, लंबी कतारों में खड़े भक्तों के लिए बैठने की व्यवस्था और शेड भी इसमें शामिल होगा। मंदिर के आस-पास के क्षेत्रों में भी बेहतर सड़कें और फुटपाथ, प्रवेश द्वार से फुटपाथ और सड़कों के ऊपर से अतिक्रमण हटाना, भक्तों के वाहनों के लिए पार्किंग का प्रावधान और एक सभा स्थल भी मंदिर में बनाया जाएगा।
