Mumbai Rains: मुंबई में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें जलमग्न! NDRF तैनात, IMD ने जारी किया अलर्ट

मुंबई में सोमवार रात से रुक रुककर तेज बारिश जारी है। शहर में पिछले 12 घंटों में शहर में 95.81 mm, जबकि पूर्वी उपनगर में 115.09 mm और पश्चिमी उपनगर में 116.73 mm बारिश दर्ज हुई है

अपडेटेड Jul 05, 2022 पर 10:39 AM
Story continues below Advertisement
मुंबई के सायन, किंग सर्कल, चेंबूर, कुर्ला नेहरूनगर इलाके बारिश के बाद पानी में डूब गए हैं

Mumbai Rains: मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों में सोमवार रात से ही भारी बारिश हो रही है। मूसलाधार बारिश के कारण रेल सेवाएं और सड़क यातायात बाधित हो गया है। मुंबई के प्रमुख इलाकों में भीषण जलजमाव की खबर है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य के छह जिलों में प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। भारी बारिश से मुंबई के कई इलाके जलमग्न हैं और सड़कों पर भारी जलभराव है। अंडरपास से लेकर अंधेरी सब-वे तक बारिश के पानी में डूबे हुए हैं।

इस बीच इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों में शुक्रवार तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई में सोमवार रात से रुक रुककर तेज बारिश जारी है। शहर में पिछले 12 घंटों में शहर में 95.81 mm, जबकि पूर्वी उपनगर में 115.09 mm और पश्चिमी उपनगर में 116.73 mm बारिश दर्ज हुई है।

मुंबई के अंधेरी, सायन, चेंबूर और कुर्ला के कुछ इलाकों में भारी बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि मुंबई के सायन, किंग सर्कल, चेंबूर, कुर्ला नेहरूनगर इलाके अक्सर बारिश के मौसम में पानी में डूब जाते हैं। IMD ने मुंबई शहर और उसके उपनगरीय इलाकों में आज (मंगलवार) 5 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।


मायानगरी मुंबई की सड़कों पर भारी जलभराव से ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। कई जगहों पर लोगों को भी जाम से भी जूझना पड़ा है। 12 घंटे के बारिश के बाद ही नवी मुंबई के खंडेश्वर रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पानी से डूब गए हैं। वहीं, रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाले सानपाड़ा सब-वे का भी बुरा हाल है।

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि सीएम एकनाथ शिंदे ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के कलक्टरों को भी एहतियाती उपाय करने के लिए कहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कई इलाकों में NDRF की टीमें तैनात कर दी गई हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, सोमवार को मुंबई में पानी की सप्लाई करने वाली नदियों में पानी का स्तर बढ़कर 13 फीसदी बढ़ गया, जो वीकेंड पर 11 फीसदी थी। हर मानसून सीजन में हल्की बारिश के बाद भी मुंबई में कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। सड़कें डूब जाती हैं और लोगों का बाहर निकलना दूभर हो जाता है।

IMD ने अपने 5 दिन के पूर्वानुमान में बताया है कि मुंबई और ठाणे में शुक्रवार तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, समंदर में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मुंबई में 5-6 जुलाई को शाम करीब 4 बजे के लिए हाई टाइड का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान समंदर में 2 से 4 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 05, 2022 10:39 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।