Mumbai Rains: मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में अगले 3 दिनों तक होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को भारी बारिश के कारण अनेक स्थानों पर जलभराव देखने को मिला, जिससे ट्रेन और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। शहर में 24 घंटे के दौरान 124 मिमी बारिश हुई है

अपडेटेड Jul 06, 2022 पर 4:54 PM
Story continues below Advertisement
IMD ने 6-8 जुलाई तक दक्षिण कोंकण, गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है

Mumbai Rains Update: महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण राजधानी मुंबई में पानी भर गया है। मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण अनेक स्थानों पर जलभराव देखने को मिला, जिससे ट्रेन और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। मुंबई में लगातार बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जन-जीवन बेहाल है। शहर में 24 घंटे के दौरान 124 मिमी बारिश हुई है।

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

इस बीच, इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने महाराष्ट्र में आज से लेकर अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई में मंगलवार सुबह से ही रुक रुक कर तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए यानी 6 से 8 जुलाई के दौरान महाराष्ट्र में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।


ये भी पढ़ें- Bhagwant Mann Marriage: पंजाब के CM भगवंत मान कल करेंगे दूसरी शादी, डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे

IMD ने 6-8 जुलाई तक दक्षिण कोंकण, गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा कि इस अवधि के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि कई अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। IMD ने उत्तरी कोंकण के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

सीएम एकनाथ शिंदे ने लिया स्थिति का जायजा

महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने राज्य प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक सावधानी बरतने समेत यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई जान-माल का नुकसान न हो। शिंदे ने कहा कि बाढ़ग्रस्त इलाके से साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कलेक्टर के साथ संपर्क में हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल से तैयार रहने को कहा गया है। बयान में कहा गया है कि मुंबई की स्थिति पर भी करीबी नजर रखी जा रही है।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं नदियां

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुंबई के पास स्थित रायगढ़ जिले में कुंडलिका नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मुंबई और उसके कुछ पड़ोसी जिलों में मंगलवार सुबह भारी बारिश हुई और कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में आज बुधवार को भी सुबह से झमाझम बारिश हो रही है।

IMD ने दक्षिण कोंकण क्षेत्र और गोवा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और उत्तरी कोंकण, उत्तर मध्य एवं दक्षिण मध्य महाराष्ट्र तथा मराठवाड़ा क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मराठवाड़ा क्षेत्र में आंधी, बिजली कड़कने, भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

अधिकारियों के अनुसार, रायगढ़ जिले में कुंडलिका नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अंबा, सावित्री, पातालगंगा, उल्हास और गढ़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से थोड़ा नीचे है। बयान के अनुसार, बढ़ती बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिंदे ने मुख्य सचिव मनु कुमार श्रीवास्तव के साथ बातचीत की। जिलों के प्रभारी (गार्जियन) सचिवों को अपने जिलों में पहुंचने और स्थिति पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

इन इलाकों में बाढ़ आने का खतरा

बयान में कहा गया है कि भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि किसी प्रकार की जानमाल की हानि न हो। मुख्यमंत्री कोंकण क्षेत्र के सभी जिला कलेक्टर के साथ संपर्क में हैं।

बयान के अनुसार, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को भारी बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने और एहतियात बरतने को कहा गया है। ठाणे, पालघर, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी और कोल्हापुर जहां तेज बारिश हो रही है वहां के लोगों को बाढ़ आने के खतरे को लेकर आगाह कर दिया गया है।

भारी बारिश के कारण मंगलवार को मुंबई के उत्तर-पश्चिम हिस्से में चार मुख्य मार्गों को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। गोलिबार, मिलन, अंधेरी और मलाड नाम के ये अंडरग्राउंड रोड उत्तर-पश्चिमी उपनगरों के पूर्व और पश्चिम हिस्सों को जोड़ते हैं, जो कि पश्चिमी रेलवे पटरियों से विभाजित होते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।