Chandrayaan-3: हमें बचपन में सिखाया गया कि हमारी धरती मां यानी पृथ्वी सूर्य के चारों ओर पश्चिम से पूर्व की ओर चक्कर लगाती है। इससे पृथ्वी के मौसम में बदलाव आता है। इसी के कारण दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग समय पर दिन और रात होते हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक पाकिस्तानी व्यक्ति विज्ञान के इस तर्क को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तानी शख्स ने पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा को लेकर ऐसा दावा किया, जिसे सुनकर आप अपना सिर पकड़ लेंगे।
X (जिसे पहले 'ट्विटर' के नाम से जाना जाता था) पर 'कृष्णा' नाम के एक यूजर ने यह वायरल वीडियो अपलोड किया। वीडियो में एक शख्स को रिपोर्टर से बात करते हुए देखा जा सकता है। जब उस आदमी से पूछा गया कि पृथ्वी चपटी है या गोल? तो उसने दावा किया कि वह अटकी हुई है।
उसने कहा कि पृथ्वी घूमती नहीं है, बल्कि यह स्थिर रहती है। यह हिलती नहीं है। यह पूछे जाने पर कि तब चंद्र या सूर्य ग्रहण किस कारण से लगता है? इस पर उस व्यक्ति ने कहा कि चंद्रमा ही पृथ्वी के चारों ओर चक्कर लगाता है। उसने आगे कहा कि न केवल चंद्रमा बल्कि सूर्य भी पृथ्वी के चारों ओर घूमता है। इसी के कारण दिन और रात होते हैं एवं मौसम में भी बदलाव होता है।
अपलोड होने के बाद से वीडियो को खबर लिखे जाने तक 5 लाख से अधिक (573.3K) बार देखा जा चुका है। एक 'X' यूजर ने लिखा, "यह वीडियो मैंने अपने साइंस के टीचर को भेजा और अब वह जवाब नहीं दे रहे हैं। कहीं हार्ट फेल ना हो गया हो।" एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, "किताबें मत जलाओ। उन्हें सीखने दें कि उनके लिए क्या अच्छा है। वैसे भी उन्हें इंजीनियरों की जरूरत नहीं है, चीन वहां जो चाहेगा, वही बनाएगा।"
पाकिस्तान ने की चंद्रयान-3 की तारीफ
भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को 'महान वैज्ञानिक उपलब्धि' बताते हुए पाकिस्तान ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों की सराहना की है। पाकिस्तान के प्रमुख समाचार पत्रों ने अमीर देशों की तुलना में कम बजट में इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए भारत की तारीफ की। पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर अब तक भारत की ऐतिहासिक सफलता को नजरअंदाज किया था। हालांकि, पाकिस्तानी समाचार पत्रों ने इस ऐतिहासिक क्षण को पहले पन्ने पर स्थान दिया।
समाचार पत्र 'डॉन' ने अपने संपादकीय 'भारत की अंतरिक्ष खोज' में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को ऐतिहासिक बताया। उसने कहा कि भारत इस विशेष उपलब्धि के लिए सराहना का पात्र है, क्योंकि उसने कम बजट में वह हासिल किया। जो अमीर देशों ने बड़ी रकम खर्च करके हासिल किया था।
इसके अलावा समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने 'इंडियाज लूनर लॉरेल' हेडलाइन से प्रकाशित संपादकीय में कहा कि भारत की महत्वाकांक्षी उड़ान ने वास्तव में कुछ ऐसा हासिल किया है, जिसे पाने में अमेरिका, सोवियत-संघ और चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम विफल रहे।
पूर्व सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने भी भारत की इस उपलब्धि की सराहना की। इस बीच इससे पहले पाकिस्तान का एक वीडियो वायरल हुआ था जो वहां के न्यूज एंकर का था। वीडियो में एंकर 'चंद्रयान-3' की सफलता के बाद भारत की प्रशंसा करते नजर आए। टीवी चैनलों ने भारत के अंतरिक्ष प्रयास की सराहना की।