सैफ अली खान पर हमला: मजदूर की गिरफ्तारी से बैकग्राउंड चेक को लेकर शुरू हुई बहस, डेवलपर्स बोले- पूरी तरह वेरिफिकेशन 'असंभव'

सैफ अली खान मामले में संदिग्ध को ठाणे से एक कंस्ट्रक्शन साइट के लेबर शिविर के पास से गिरफ्तार किया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस का कहना है कि वह बांग्लादेशी नागरिक है और करीब छह महीने पहले देश में आया था, लेकिन संदिग्ध के वकील ने इससे इनकार किया है। कई लेबर कॉन्ट्रैक्टर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और कुछ उत्तर-पूर्वी राज्यों से हैं

अपडेटेड Jan 20, 2025 पर 9:17 PM
Story continues below Advertisement
सैफ अली खान पर हमला: मजदूर की गिरफ्तारी से बैकग्राउंड चेक को लेकर शुरू हुई बहस

एक्टर सैफ अली खान पर हमले ने एक नई बहस छेड़ दी है, क्योंकि कई रिपोर्ट में ऐसे दावा किया गया था कि हमला करने वाला एक मजदूर है और वह शायद भारत का नागरिक नहीं है और उसने अपनी पहचान गलत बताई। इसी के मद्देनजर डेवलपर्स और कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्री के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि मजदूरों की पहचान और क्रिमिनल रिकॉर्ड का पूरी तरह से वेरिफिकेशन कर पाना लगभग असंभव होता है। उनका कहना है कि दूसरे राज्यों से मजदूरों की आउटसोर्सिंग के बढ़ते लेवल के कारण यह काम और भी मुश्किल हो गया है।

सैफ अली खान मामले में संदिग्ध को ठाणे से एक कंस्ट्रक्शन साइट के लेबर शिविर के पास से गिरफ्तार किया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस का कहना है कि वह बांग्लादेशी नागरिक है और करीब छह महीने पहले देश में आया था, लेकिन संदिग्ध के वकील ने इससे इनकार किया है।

सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने रियल एस्टेट डेवलपर्स और निर्माण एजेंसियों से प्रोजेक्ट साइट्स और लेबर कैंप में वर्कफोर्स की पूरे बैकग्राउंड वेरिफिकेशन और पहचान सुनिश्चित करने को कहा है।


कई लेबर कॉन्ट्रैक्टर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और कुछ उत्तर-पूर्वी राज्यों से हैं, और मजदूरों को गांवों और छोटे शहरों से बड़ी संख्या में भर्ती किया जाता है। अक्सर, उन्हें डेवलपर्स या ठेकेदारों की ओर से प्रोजेक्ट साइट पर या उसके आस-पास अस्थायी लेबर कैंप में रखा जाता है।

भर्ती और वेरिफिकेशन प्रोसेस

ज्यादातर बड़े डेवलपर्स अपने प्रोजेक्ट्स के निर्माण के लिए फुल टाइम इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (EPC) फर्मों को नियुक्त करते हैं, जबकि कुछ डेवलपर्स इन प्रोजेक्ट का कंस्ट्रक्शन खुद करना पसंद करते हैं।

कुछ के पास अपने खुद के निर्माण विभाग भी हैं। बदले में, EPS फर्म इस सेक्टर में ठेकेदारों के एक नेटवर्क के जरिए स्किल, सेमी-स्किल और अनस्किल लेबर की भर्ती करते हैं।

डेवलपर्स का कहना है कि वे अपनी ओर से मजदूरों की पहचान का वेरिफिकेशन सुनिश्चित करते हैं और लेबर कैंप में शांति बनाए रखते हैं।

लिस्टेड डेवलपर पुरवणकारा लिमिटेड के MD आशीष पुरवणकारा ने कहा, "ठेकेदारों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी मजदूरों को अनिवार्य बैंकग्राउंड जांच के बाद ही काम पर रखा जाए। इसमें आधार कार्ड का वेरिफिकेशन भी शामिल है। इन उपायों पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता और साइट पर तैनाती से पहले इनका सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। समूह स्तर पर कई साइटों पर करीब 10,500 मजदूर हैं।"

उन्होंने कहा कि श्रम रिकार्डों और वेरिफिकेशन प्रक्रियाओं का समय-समय पर ऑडिट और हर एक मजदूर की डिटेल फाइलें अनिवार्य हैं।

ज्यादातर बड़े शहरों में प्रोजेक्ट चलाने वाले एक बड़े डेवलपर के अनुसार, श्रमिकों की उचित पहचान, सर्टिफिकेशन और आपराधिक बैकग्राउंड की जांच का काम मुख्य रूप से EPC भागीदारों और श्रम ठेकेदारों को सौंपा गया है।

हीरानंदानी ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन निरंजन हीरानंदानी ने कहा, "हीरानंदानी में, मजदूरों की सुरक्षा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। एंट्री पास हासिल करने से पहले सभी श्रमिकों को आधार वेरिफिकेशन, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा ट्रेनिंग से गुजरना पड़ता है।"

उन्होंने कहा, "हम लगातार कार्यकुशलता निगरानी, रेगुलर ट्रेनिंग और शारीरिक झगड़ों के लिए जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी पर भी ध्यान केंद्रित करते हैं। परेशानी पैदा करने वालों को तुरंत लेबर कैंप से हटा दिया जाता है। हमारी साइटों पर 2,000 से ज्यादा श्रमिकों के साथ, ये उपाय सुरक्षा और उत्कृष्टता के प्रति हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।"

फुल आइडेंटिटी वेरिफिकेशन बहुत मुश्किल

भारत में निर्माण कार्य के पैमाने को देखते हुए, उन्होंने कहा कि हजारों मजदूरों की पहचान, राष्ट्रीयता और क्रिमिनल बैकग्राउंड का पूरा वेरिफिकेशन एक मुश्किल काम है। बावजूद इसके कि फर्जी पहचान वाले और संभावित विदेशी राष्ट्रीयता वाले श्रमिकों के निर्माण स्थलों पर आने की खबरें आती रहती हैं।

भारत भर में प्रोजेक्ट चलाने वाले एक बड़े डेवलपर ने नाम न बताने की शर्त पर मनीकंट्रोल को बताया, "हम अपने EPC ठेकेदार को मजदूरों की भर्ती के संबंध में एक चेकलिस्ट देते हैं, और हम यह अनिवार्य करते हैं कि वे पहचान सत्यापित करें। यह आमतौर पर पुलिस वेरिफिकेशन के जरिए होता है, साथ ही मजदूरों के गांवों में मौखिक रूप से भी होता है, क्योंकि कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट में शामिल ज्यादातर लोग उसी गांव या कस्बे से होते हैं।"

उन्होंने कहा, "हमने अपने EPC और श्रम ठेकेदारों से कुछ मामलों के बारे में सुना है कि कुछ आधार या PAN ID शुरुआती तौर पर फर्जी थे, लेकिन हम अपने कार्यस्थलों पर काम करने वाले हजारों मजदूरों में से हर एक का वेरिफिकेशन नहीं कर सकते।"

Saif Ali Khan Attacked: आरोपी की पैरवी के लिए कोर्ट रूम में ही भिड़ गए दो वकील, जज को करना पड़ा बीच बचाव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।