संभल में मंदिर के बाद मिली 150 साल पुरानी बावड़ी, ASI की टीम को खुदाई में मिला क्या-क्या, देखें Video

संभल के DM पेंसिया ने कहा, "लगभग 400 वर्ग मीटर का क्षेत्र आह-बावली तालाब के रूप में दर्ज है। कहा जाता है कि इस बावली का निर्माण बिलारी के राजा के दादा के राजा के समय में कराया गया था। दूसरी और तीसरी मंजिल संगमरमर से बनी है और ऊपरी मंजिलें ईंटों से बनी हैं। जैसा कि हमने (खुदाई से) देखा, वहां लगभग चार चेंबर हैं

अपडेटेड Dec 22, 2024 पर 5:51 PM
Story continues below Advertisement
संभल में मंदिर के बाद मिली 150 साल पुरानी बावड़ी, ASI की टीम को खुदाई में मिला क्या-क्या, देखें Video

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 46 साल बाद एक हनुमान मंदिर मिला और पूजा पाठ के लिए उसे फिर से खोला गया। अब इसके लगभग एक हफ्ते बाद, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की एक एक्सकैवेशन टीम को जिले के चंदौसी इलाके में एक पुरानी बावड़ी मिली। संभल के जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र पेंसिया ने रविवार को कहा कि यह बावड़ी लगभग 400 वर्ग मीटर में फैली हुई है, जिसमें चार चेंबर और कुछ मंजिलें संगमरमर से बनी हैं।

DM पेंसिया ने कहा, "लगभग 400 वर्ग मीटर का क्षेत्र आह-बावली तालाब के रूप में दर्ज है। कहा जाता है कि इस बावली का निर्माण बिलारी के राजा के दादा के राजा के समय में कराया गया था। दूसरी और तीसरी मंजिल संगमरमर से बनी है और ऊपरी मंजिलें ईंटों से बनी हैं। जैसा कि हमने (खुदाई से) देखा, वहां लगभग चार चेंबर हैं।"


उन्होंने आगे कहा कि शनिवार को एक सार्वजनिक बैठक के बाद काम शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि मामला आधिकारिक संज्ञान में लाया गया है और पूरी संरचना का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा, “संरचना पूरी तरह से कीचड़ में ढकी हुई है, नगर पालिका टीम ऊपरी मिट्टी को हटा रही है। वर्तमान में केवल 210 वर्ग मीटर ही बाहर है और बाकी पर कब्जा है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।"

DM ने आगे अनुमान लगाया है कि संरचना 150 साल से ज्यादा पुरानी हो सकती है। इलाके के नगर निगम के अधिकारी ने कहा कि जैसे ही उन्हें जमीन के नीचे एक ढांचे की जानकारी मिली, उन्होंने काम शुरू कर दिया।

संभल में 5 मंदिर और 19 कुओं का निरीक्षण

नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने कहा, “जैसे ही हमें पता चला कि यहां एक बावड़ी है, हमने यहां खुदाई का काम शुरू कर दिया, जैसे-जैसे हम काम जारी रखेंगे, हमें इसके बारे में और पता चलेगा। हम इसे बहाल करने की पूरी कोशिश करेंगे, हम यह देखने के लिए काम कर रहे हैं कि यहां क्या है।"

एक और मामले में, कल, ASI की एक टीम ने संभल में कल्कि विष्णु मंदिर का सर्वे किया, जिसके बाद ASI की चार सदस्यीय टीम ने संभल में पांच 'तीर्थों' (मंदिरों) और 19 कुओं का निरीक्षण किया। डीएम पेंसिया ने बताया कि निरीक्षण 8-10 घंटे तक चला और कुल लगभग 24 इलाकों को कवर किया गया।

यह सब ऐसे समय हो रहा है, जब संभल जिले के अधिकारियों ने एक पुराने मंदिर को फिर से खोला है, जो 1978 में सांप्रदायिक दंगों के बाद से बंद था।

अधिकारियों ने कहा कि शाही जामा मस्जिद के पास मंदिर की खोज एक अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई थी। भस्म शंकर मंदिर में भगवान हनुमान की एक मूर्ति और एक शिवलिंग है।

Sambhal Temple: हत्या, दंगे और हिंदुओं का पलायन... संभल में 46 साल से बंद पड़े मंदिर के पीछे का पूरा सच क्या?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।