Savitri Jindal : इस महिला ने देश के दिग्गज स्टील और पावर सेक्टर के कारोबारी की मृत्यु के बाद वर्ष 2005 में कारोबार संभाला था। बीते दो साल में उन्होंने अपनी दौलत 12 अरब डॉलर (लगभग 96,000 करोड़ रुपये) बढ़ाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हम यहां सावित्री जिंदल की बात कर रहे हैं, जो 2021 में 18 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ फोर्ब्स की शीर्ष 10 लिस्ट में भारत की अकेली अमीर महिला हैं।
हम यहां इस महिला की कहानी पर एक रोशनी डाल रहे हैं, जो घर परिवार से निकलकर लगातार मजबूत होती गई और बिजनेस को मजबूती बनाती चली गई।
हेलिकॉप्टर हादसे में हुई थी पति की मौत
सावित्री जिंदल के पति ओम प्रकाश जिंदल की जब एक हेलिकॉप्टर हादसे में हो मृत्यु हो गई थी, तो वह 55 वर्ष की थीं। इस उम्र में जब ज्यादातर लोग रिटायरमेंट की तैयारी करते हैं, उन्होंने आगे आकर बिजनेस की कमान संभाली।
आज वह ओपी जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन इमेरिटस हैं, उनके नेतृत्व में ग्रुप का रेवेन्यू चार गुना हो चुका है।
कभी कहा था-महिलाएं बाहर काम करने नहीं जातीं
हालांकि, बिजनेसवुमैन बनने से पहले सावित्री जिंदल एक पत्नी और मां थीं। उन्होंने एक बार कहा था कि फैमिली की महिलाएं काम करने बाहर नहीं जातीं। उन्होंने फोर्ब्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, “हम हाउस की इंचार्ज रही हैं, वहीं पुरुष बाहर के सभी काम देखते हैं।”
20 मार्च, 1950 को असम के तिनसुकिया कस्बे में जन्मी, सावित्री की 1970 के दशक में ओपी जिंदल के साथ शादी हुई थी। वह सफल बिजनेसमैन के अलावा, हरियाणा सरकार में मंत्री और हिसार क्षेत्र से हरियाणा विधानसभा के सदस्य थे।
उनकी मौत के बाद, सावित्री 2005 में हिसार से हरियाणा विधानसभा के लिए चुनी गई थीं। वह 2014 के चुनाव के बाद हार गई थीं। वह कांग्रेस पार्टी की सदस्य हैं।
दो साल में 12 अरब डॉलर बढ़ी नेटवर्थ
नौ बच्चों की मां सावित्री के ओपी जिंदल से चार बेटे हैं- पृथ्वीराज, सज्जन, रतन और नवीन जिंदल। उनकी मौत के बाद इन चारों में समूह की कंपनियां बांट दी गईं। जेएसडब्ल्यू स्टील सहित सबसे ज्यादा एसेट्स का कंट्रोल सज्जन जिंदल को दिया गया।
2020 से 2022 के बीच सावित्री जिंदल की नेटवर्थ 4.8 अरब डॉलर से बढ़कर 17.7 अरब डॉलर हो गई है। इस प्रकार नेटवर्थ तीन गुनी से ज्यादा बढ़ गई है।