लोकप्रिय बिजनेस रियल्टी शो शॉर्ट टैंक इंडिया (Shark Tank India) के जज अमित जैन (Amit Jain) हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें शेयर बाजार में एक बार 1.5 करोड़ रुपये का तगड़ा नुकसान हुआ था। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कारदेखो (CarDekho) के को-फाउंडर और सीईओ अमित जैन ने बताया, "हमें शेयरों में 1.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था और हम दिवालिया हो गए थे। जाहिर है कि यह एक बड़ा नुकसान था, लेकिन हमें पता था कि हमारे हाथ-पैर सलामत हैं और हमारे पास दिमाग है। ऐसे में हम फिर से खड़े हो सकते हैं।"
CarDekho को जयपुर से आने वाला पहला यूनिकॉर्न माना जाता है। जैन, शॉर्क टैंक इंडिया के दूसरे सीजन में बतौर जज आए हैं और उन्होंने भारतपे (BharatPe) के पूर्व फाउंडर अशनीर ग्रोवर की जगह ली है।
शार्क टैंक इंडिया के शो में आने के बाद मिली प्रसिद्धि पर बात करते हुए अमित जैन ने कहा कि शो में आने का उद्देश्य उनके लिए कभी भी प्रसिद्धी पाना नहीं था।
उन्होंने कहा, "मैं एक बहुत छोटे शहर से आता हूं और कभी प्रसिद्धि के पीछे नहीं भागा। अब जब मैं शो में हूं, तो मैंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करना शुरू किया है। अन्यथा मेरे लिए, अपने परिवार, दोस्तों और मेरी टीम के साथ समय बिताना ही मुझे खुशी देती है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जीवन एक सफर है और यहां हर पल का आनंद लेने की जरूरत है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या उनके शो के बाकी 'शार्क' यानी जजों के साथ दोस्ती हो गई, जैन ने कहा, ""हम यहां दोस्त बनाने के लिए नहीं आए हैं। हम सभी इस शो में शार्क हैं। हालांकि, मैंने कभी अलग महसूस नहीं किया। यह काफी सामान्य अनुभव था, और हम सभी को अच्छा मजा आया।"