Snake In Amazon Order: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक कपल उस समय हैरान रह गए जब उन्होंने अमेजन से ऑनलाइन मंगाए गए सामान के पार्सल में एक जिंदा जहरीला सांप देखा। संदेह है कि यह जहरीला कोबरा सांप था। कपल ने बताया कि सामान की पैकेजिंग के लिए चिपकाने वाली टेप में सांप चिपका हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक, गनीमत रही कि कोबरा सांप पैकेजिंग टेप में फंसा हुआ था। इसी वजह से वो कपल को नुकसान नहीं पहुंचा सका। अमेजन इंडिया के एक प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि कंपनी इस घटना की जांच कर रही है।
उन्होंने अमेजन से ऑनलाइन ऑर्डर कर 'एक्सबॉक्स कंट्रोलर (Xbox controller)' मंगाया था। लेकिन जब उन्होंने पैकेज खोला तो उसके अंदर से एक जिंदा कोबरा मिला। पीटीआई के मुताबिक, सरजापुर के रहने वाले यह कपल आईटी पेशेवर हैं। नाम जाहिर न करने के इच्छुक इस कपल ने एक वीडियो बनाया जो सोशल मीडिया पर आया है। वीडियो ने ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के मन में डर पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया यूजर्स मामले पर अपनी राय भी रख रहे हैं।
फिलहाल, कंपनी इस घटना की जांच कर रही है। Amazon के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, ''हमारे ग्राहकों, कर्मचारियों और सहयोगियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम ग्राहकों को भरोसेमंद खरीदारी का अनुभव देने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और उनके लिए चीजों को सही बनाने के लिए हर संभव प्रयास करना हमारी प्रतिबद्धता है। हम ग्राहकों की सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हैं और इस घटना की भी जांच कर रहे हैं।''
कपल ने एजेंसी को बताया कि उन्होंने हाल ही में अमेजन से एक 'एक्सबॉक्स कंट्रोलर' ऑर्डर किया था, लेकिन उन्हें पार्सल में से एक जिंदा सांप मिला। उन्होंने एक बयान में दावा किया, ''पार्सल की डिलीवरी करने आए व्यक्ति ने हमें सीधे सामान सौंप दिया था। इसे बाहर नहीं रखा गया था। हम सरजापुर रोड पर रहते हैं और हमने पूरी घटना को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। हमारे पास इसके प्रत्यक्षदर्शी भी हैं।
कपल ने कहा, ''सांप संभवतः स्पेक्टेकल्ड कोबरा (नाजा नाजा) है, जो कर्नाटक में पाया जाने वाला सबसे विषैला सांप है।'' उन्होंने बताया कि सांप पार्सल को बंद करने वाले टेप से चिपका हुआ था। कपल ने बताया कि सांप ने उनके घर या अपार्टमेंट में किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है।
कपल ने बताया कि उन्हें अपने ऑर्डर के बदले पूरा पैसा वापस मिल गया है। लेकिन उन्हें आश्चर्य है कि 'अत्यधिक विषैले सांप के साथ अपनी जान जोखिम में डालने के बदले उन्हें क्या मिला।' उन्होंने आरोप लगाया, ''यह स्पष्ट रूप से सुरक्षा उल्लंघन है जो केवल अमेजन की लापरवाही और उनके खराब परिवहन, गोदाम की स्वच्छता एवं रखरखाव में कोताही के कारण हुआ है।''