Train Accident In Tamil Nadu: तमिनलाडु में ट्रेन हादसे की खबर आ रही है। तिरुवल्लूर जिले के कवरापेट्टई रेलवे स्टेशन पर मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन एक खड़ी हुई मालगाड़ी से टकरा गई।हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है। दरभंगा एक्सप्रेस और मालगाड़ी के बीच टक्कर होने से कुल 12-13 डिब्बे पटरी से उतर गए। दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बों में आग लग गई। बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए हैं।
यह दुर्घटना शुक्रवार रात में हुई। हादसे के बाद यात्रियों और रेलवे अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बहुत भयंकर थी। टक्कर के बाद मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसा पोन्नेरी-कवरप्पेट्टई रेलवे स्टेशनों के बीच चेन्नई-गुड्डूर सेक्शन में हुआ।
रेलवे पुलिस ने पीटीआई से कहा, "तमिलनाडु के कवरापेट्टई में एक्सप्रेस ट्रेन ने खड़ी ट्रेन को टक्कर मारी, कई लोगों के घायल होने की आशंका है। तमिलनाडु में एक्सप्रेस ट्रेन के दूसरी ट्रेन से टकराने के बाद आग लग गई। ट्रेन दुर्घटना के कारण कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए, बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच रहे हैं।"
तिरुवल्लूर के जिला कलेक्टर टी प्रभुशंकर ने बताया कि बचाव कार्य जोरों पर है। नुकसान और हताहतों की संख्या के बारे में प्रारंभिक जानकारी अभी भी आनी बाकी है। दुर्घटना रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिसके कारण बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सका।
शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि ताजा ट्रेन दुर्घटना का कारण ट्रैक पर गड़बड़ी होना है। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस ट्रेन लूप लाइन में घुस गई और वहां खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। ANI के मुताबिक, CPRO दक्षिण पश्चिम रेलवे का कहना है कि सभी घायल यात्रियों को आगे के इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। दोनों दिशाओं में ट्रेनों की आवाजाही बंद है।
12578 मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे मालगाड़ी से टकराई। रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन एक खड़ी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस घटना में कुछ यात्री घायल हो गए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यात्री ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। मालगाड़ी पर इसका असर ज्यादा देखा गया। इस घटना में कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद दरभंगा रेलवे स्टेशन पर एक हेल्प डेस्क बनाया गया है, जहां से ट्रेन संख्या 12578 मैसूर-दरभंगा एक्सप्रेस के यात्रियों के रिश्तेदारों के लिए घोषणाएं की जा रही हैं।