Udaipur Murder Case: राजस्थान के उदयपुर में दो मुस्लिम युवकों द्वारा एक टेलर की निर्मम हत्या किए जाने की घटना के बाद मृतक कन्हैया लाल के परिवार की मदद के लिए हाथ आगे आए हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) द्वारा शुरू किए गए क्राउड फंडिंग अभियान के 24 घंटे के भीतर कन्हैया लाल के परिवार के लिए 12,000 से अधिक लोगों ने 1.35 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया है।
कपिल मिश्रा ने घोषणा की है कि वे कन्हैया लाल के परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद करेंगे। ये पैसे 24 घंटे के अंदर क्राउड फंडिंग के जरिए समाज के लोगों से इकट्ठा किए गए हैं। कन्हैया लाल को बचाने की कोशिश में इस घटना में घायल हुए ईश्वर सिंह के परिवार को भी 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद की जाएगी। मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उदयपुर जाकर यह पैसा कन्हैया लाल के परिवार को सौपेंगे।
'किसी को भी हिंदू पीड़ितों की दुर्दशा की परवाह नहीं'
News18 से बात करते हुए मिश्रा ने कहा कि हिंदू परिवारों के हिंसा पीड़ितों के लिए क्राउड फंडिंग का विचार 2020 में दिल्ली दंगों के बाद शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि हमने महसूस किया कि चाहे वह मानवाधिकार संगठन हों या राजनीतिक दल, किसी को भी हिंदू पीड़ितों की दुर्दशा की परवाह नहीं थी। इसलिए हमने दिल्ली दंगों के बाद यह प्रक्रिया शुरू की। सभी हिंदू पीड़ितों के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के करौली में एक मंदिर के पुजारी के परिवार को भी इसी तरह की सहायता प्रदान की गई थी, जिसे जिंदा जला दिया गया था। इसके अलावा दिल्ली के जहांगीरपुरी से रिंकू शर्मा और राहुल राजपूत और अन्य लोगों की भी मदद की गई। जब कन्हैया लाल की हत्या हुई और हमने यह वीडियो देखा, तो मेरी पहली प्रतिक्रिया थी कि परिवार का क्या होगा।
बीजेपी नेता ने कहा कि हम उनके बच्चों और पत्नी को अकेला नहीं छोड़ सकते। उनका क्या होगा यह सवाल था। यही वजह है कि पहले ही दिन यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शुक्र है, अब तक, दुनिया भर से 12,000 से अधिक लोगों ने इस कार्य में योगदान दिया है। इस अभियान ने अब तक 1.35 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं।
कन्हैया लाल की निर्मम हत्या
आपको बता दें कि उदयपुर में मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के दो लोगों ने धारदार हथियार से टेलर का काम करने वाले कन्हैया लाल की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसका वीडियो सार्वजनिक करते हुए आरोपियों ने कहा कि वे ‘इस्लाम के अपमान’ का बदला ले रहे हैं।
इसके बाद उदयपुर में हिंसा के छुटपुट मामले हुए हैं। जिले के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही राज्यभर में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है और आगामी एक माह के लिए प्रदेश में धारा-144 लगा दी गई है। लाल का बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।