Padma Awards 2023: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को दिग्गज समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव और मशहूर डॉक्टर दिलीप महलानाबिस को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी और इंफोसिस फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुधा मूर्ति (Sudha Murthy) को भी सामाजिक कार्यों के लिए पद्म भूषण से सम्मनित किया गया। इस सम्मान समारोह में सुधा अपने पूरे परिवार के साथ पहुंची थीं। इनमें उनकी बेटी और ब्रिटेन की फर्स्ट लेडी अक्षता मूर्ति (Akshata Murthy) भी शामिल थीं। इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति और लेखिका सुधा मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति ब्रिटेन के भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की पत्नी हैं।
