UP News: बागपत में थूक लगाकर रोटी बनाने का वीडियो वायरल, होटल कर्मचारी शहजाद गिरफ्तार

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में गोरखपुर में एक 'फ्लोटिंग रेस्टोरेंट' का उद्घाटन किया। इस दौरान अराजक तत्वों द्वारा रोटियों पर थूकने और फलों के जूस में पेशाब मिलाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यहां लोगों को 'थूक लगी रोटियां' नहीं मिलेंगी

अपडेटेड Sep 25, 2024 पर 7:30 PM
UP News: युवक रोटी पर थूकने के बाद उसे पकाने के लिए तंदूर में डालता दिख रहा है

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत में 'नरेश चिकन कॉर्नर' नाम के एक होटल पर रोटियों में थूकने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रोटी बना रहा शख्स पहले उसपर थूकता है और फिर उसको पकाने के लिए तंदूर में डाल देता है। यूपी पुलिस ने 'शहजाद' नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ढाबा मालिक विक्रम ने इस मामले की जानकारी से इनकार करते हुए शहजाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थूक की रोटी बनाते हुए वीडियो वायरल हो गया है।

रोटी बना रहा शहजाद नाम का युवक हर बार उसे सेंकने से पहले उसपर थूकता हुआ नजर आ रहा है। होटल पर खाने गए एक युवक ने कार में बैठकर वीडियो बनाया ओर इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया है।

होटल अग्रवाल मंडी टटीरी में मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर मौजूद है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया के अलावा थूककर रोटी बनाने की घटना से होटल पर आने वाले कस्बे और आसपास के गांवों के लोगों में भारी आक्रोश है।


सीएम योगी ने दिया नया आदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में खाद्य पदार्थों में थूकने और पेशाब मिलाने की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया है कि सभी होटल और रेस्टोरेंट पर मालिकों और कर्मचारियों का नाम एवं एड्रेस अनिवार्य रूप से लिखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि शेफ और वेटर को मास्क और दस्ताने पहनने चाहिए। इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया जाना चाहिए।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि यहां एक उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मानव अपशिष्ट की उपस्थिति घृणित है। उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। सहारनपुर जिले में 12 सितंबर को एक भोजनालय में रोटी बनाते समय एक किशोर द्वारा उस पर थूकने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद भोजनालय के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके अलावा पिछले हफ्ते गाजियाबाद जिले में जूस विक्रेता को ग्राहकों को मूत्र मिला हुआ फलों का जूस देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जून में नोएडा में दो लोगों को कथित तौर पर थूक से दूषित जूस बेचने के आरोप में अरेस्ट किया गया था। ऐसी घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं इससे संबंधित प्रतिष्ठानों की गहन जांच एवं सत्यापन के निर्देश भी दिए हैं।

ये भी पढ़ें- Enemy Property: यूपी में मौजूद है परवेज मुशर्रफ की करोड़ों की जमीन, नीलाम करने जा रही योगी सरकार

आदियानाथ ने कहा, "ढाबों, रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की जानी चाहिए। प्रत्येक कर्मचारी का पुलिस सत्यापन किया जाना चाहिए। खाद्य पदार्थों की शुद्धता और पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम में आवश्यक संशोधन भी किए जाने चाहिए।" उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस प्रबंध किए जाने आवश्यक हैं। ऐसे ढाबों, रेस्टोरेंट आदि खान-पान के प्रतिष्ठानों की जांच की जानी आवश्यक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।