Get App

UP Rain: यूपी में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

UP Rain: उन्नाव से मिली खबर के अनुसार, हसनगंज के SDM नवीन चंद्र ने बताया कि उन्नाव में कई स्थानों पर बिजली गिरने से हसनगंज तहसील में 140 भेड़ों की मौत हो गई। राहत आयुक्त कार्यालय के अधिकारी ने बताया कि बलिया, बाराबंकी, बदायूं, फर्रुखाबाद, कासगंज, खीरी, कुशीनगर, मऊ, मेरठ और मुजफ्फरनगर जिलों की 19 तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं

Akhileshअपडेटेड Sep 11, 2023 पर 7:20 PM
UP Rain: यूपी में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
UP Rain: 15 सितंबर तक यूपी में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है

UP Rain: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई। लगातार बारिश ने सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। खासकर राज्‍य के कुछ जिलों में स्कूल दिनभर के लिए बंद कर दिए गए। यूपी सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि हरदोई में 4, बाराबंकी में 3, प्रतापगढ़ और कन्नौज में 2-2 और अमेठी, देवरिया, जालौन, कानपुर, उन्नाव, संभल, रामपुर और मुजफ्फरनगर जिलों में एक-एक लोगों मौत की सूचना मिली है। लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। बयान में कहा गया है कि पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 140 भेड़ों की भी मौत हो गई।

राहत आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 22 जिलों मुरादाबाद, संभल, कन्नौज, रामपुर, हाथरस, बाराबंकी, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, बहराइच, लखनऊ, बदायूं, मैनपुरी, हरदोई, फिरोजाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, कानपुर, सीतापुर, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी और फतेहपुर में 40 मिमी से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी यूपी में 14 सितंबर तक भारी बारिश होने की आशंका है। जबकि 17 तारीख तक हल्की बारिश जारी रहेगी। अधिकारी ने कहा राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में भी 17 तारीख तक बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है।

कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

15 सितंबर तक यूपी में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बाराबंकी में रेलवे ट्रैक पर पानी आ जाने से कई ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई है। अधिकारियों के आदेश पर स्कूल बंद हैं। लखनऊ में जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने मौसम विभाग द्वारा जारी की गई बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी के दृष्टिगत सोमवार को 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर ना निकलने की सलाह दी गई।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें