देश को जल्दी ही एक और वंदे भारत (Vande Bharat Train) की सौगात मिलने वाली है। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक यह नई वंदे भारत ट्रेन मुंबई से गोवा के बीच कोंकड रेलवे की पटरियों पर दौड़ेगी। कोंकड़ रेलवे का रूट भारत के सबसे खूबसूरत रूटों में से एक माना जाता है। यह रूट मुंबई से गोवा को कनेक्ट करता है। पिछले कुछ वक्त से गोवा के मडगांव स्टेशन से मुंबई के छत्रपति शिवाजी टर्मिनस स्टेशन के बीच इस ट्रेन का ट्रायल किया जा रहा था।
कितनी देरी में पूरा होगा सफर
नई वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई से गोवा के बीच चलने वाली सबसे तेज ट्रेन भी होगी। इस ट्रेन के जरिए मुंबई सो गोवा केवल 7 घंटे में ही पहुंच सकेंगे। दूसरी ट्रेनों के जरिए इस दूरी को तय करने में करीब 8-9 घंटे जितना वक्त लगता था। कोंकड़ रेलवे मुंबई से मंगलोर को कनेक्ट करता है। यह माहाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक से होकर गुजरता है। इस रूट से सहयाद्रि की पहाड़ियों और अरब सागर दोनों का ही नजारा लिया जा सकता है।
बेहद खूबसूरत रूट है कोंकड़ रेलवे
कोंकड़ रेलवे की टोटल लंबाई 750KM है। इस रूट में छोटे बड़े करीब 72 स्टेशन आते हैं। यह पूरा सफर बेहद ही खूबसूरत नजारों से भरा हुआ है। इस रूट में कुल 91 सुरंगें हैं। वहीं इस रूट पर 1880 ब्रिज भी शामिल हैं। मुंबई से गोवा के बीच वंदे भारत ट्रेन करीब 600 किलोमीटर की दूरी को कवर करेगी। कोंकड़ रेलवे पर चलने वाली यह पहली वंदे भारत ट्रेन होगी।
मुंबई से चलने वाली चौथी वंदे भारत ट्रेन
फिलहाल मुंबई से तीन वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मुंबई से पहली वंदे भारत ट्रेन गुजरात की राजधानी गांधीनगर के लिए चली थी। इसके बाद मुंबई से शिरडी और सोलापुर के लिए भी वंदे भारत ट्रेन को शुरू किया गया था। देश में कुल मिलाकर 18 जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं।