Weather Update: पूर्वी भारत में अगले 4-5 दिनों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यह बात भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कही है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले 2-3 दिनों में दिल्ली में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इतना ही नहीं सोमवार को हल्की बारिश होने की भी संभावना है। न्यूज एजेंसी ANI के साथ एक बातचीत में डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि अगले 4-5 दिनों में पूर्वी भारत में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 1-2 स्टेशनों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच भी गया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान के 40 के करीब या 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने की कोई उम्मीद नहीं है। दिल्ली को लेकर डॉ. कुमार ने अनुमान जताया है कि आने वाले 2-3 दिनों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार 22 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में रेड, ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट
डॉ. कुमार ने कहा कि फिलहाल पूर्वी भारत में लू यानि हीटवेव की स्थिति बनी हुई है और अनुमान है कि आने वाले 4-5 दिनों में कुछ राज्यों में हीटवेव जारी रहेगी। डॉ. कुमार के मुताबिक, "पश्चिम बंगाल में, हमने रेड अलर्ट जारी किया है क्योंकि वहां लू से लेकर भीषण लू चल रही है। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक है। हमारा अनुमान है कि सोमवार से तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और उसके बाद 4 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।''
उन्होंने आगे कहा कि ओडिशा में रविवार और सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। 2 दिनों के ब्रेक के बाद, ओडिशा में फिर से लू की स्थिति होगी। मुंबई और इसके पड़ोसी जिलों ठाणे व रायगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गुरुवार तक Hot and Humid' स्थिति रहने का अनुमान है।
बिहार में भी शुरू होने वाला है लू का कहर
नरेश कुमार ने कहा कि बिहार में आने वाले 5 दिनों में लू चलने की आशंका है। हमें 5 दिनों के लिए अलर्ट दिया गया है। रात और सुबह का तापमान सामान्य से अधिक है। झारखंड में भी लू चलने की कुछ आशंका है। आगे कहा कि दक्षिण भारत में लू की कोई स्थिति नहीं है, लेकिन मौसम विभाग की ओर से 'Hot and Humid' मौसम को लेकर चेतावनी है और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है। केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के लिए अगले -पांच दिनों के लिए विभाग ने 'Hot and Humid' की चेतावनी जारी की है।